नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। मंगलवार की सुबह दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई, जिससे मौसम में ठंडक का अहसास बढ़ गया। नोएडा और ग्रेटर नोएडा के कुछ हिस्सों में भी हल्की बारिश देखी गई। मौसम विभाग के मुताबिक दिनभर बादल छाए रहेंगे और रुक-रुककर हल्की बारिश के आसार हैं।
तापमान में गिरावट के संकेत
मौसम विभाग का कहना है कि अगले चार दिनों तक न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी। 8 फरवरी तक पारा गिरकर 9 डिग्री तक पहुंच सकता है। मंगलवार को न्यूनतम तापमान 12 डिग्री और अधिकतम तापमान 21 डिग्री रहने का अनुमान है, जो सोमवार की तुलना में तीन डिग्री कम है। सोमवार को दिल्ली का अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री दर्ज किया गया, जो औसत से 2.1 डिग्री ज्यादा था। न्यूनतम तापमान 10.2 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक है। पालम दिल्ली का सबसे ठंडा इलाका रहा, जहां न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री और अधिकतम 21.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया।
वायु प्रदूषण में सुधार, हटे ग्रैप-3 के प्रतिबंध
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण के स्तर में सुधार देखा गया है। वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) की उप समिति ने ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP-3) के तहत लगाए गए नौ प्रतिबंधों को हटा लिया है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) ने फिलहाल वायु गुणवत्ता में सुधार जारी रहने के संकेत दिए हैं। मौसम में उतार-चढ़ाव के चलते दिल्ली-एनसीआर के निवासियों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। तापमान में गिरावट के कारण ठंड बढ़ सकती है, ऐसे में गर्म कपड़ों का इस्तेमाल करें और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखें।
यूपी का मौसम उत्तर प्रदेश की बात करें तो सुबह और शाम कोहरा देखने को मिल रहा है। हालांकि दिन में मौसम साफ रहता है। दिल्ली से सटे गाजियाबाद और नोएडा में हल्की बूंदाबांदी की संभावना है। वहीं, लखनऊ में आज 4 फरवरी और कल 5 फरवरी को न्यूनतम तापमान 13 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।





