नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के ऐतिहासिक लाल किला को लेकर बड़ा फैसला लिया गया है। अब यह स्मारक हफ्ते के सातों दिन पर्यटकों के लिए खुला रहेगा। पहले हर सोमवार को लाल किला बंद रहता था, लेकिन अब यह नियम खत्म कर दिया गया है। यह फैसला भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (ASI) ने लिया है। 13 फरवरी को जारी आदेश पर महानिदेशक यदुबीर सिंह ने हस्ताक्षर किए हैं।
टूर ऑपरेटरों और पर्यटकों ने किया स्वागत
इस फैसले से टूर ऑपरेटर और पर्यटक काफी खुश हैं। उनका कहना है कि इससे यात्रियों को अपनी यात्रा की योजना बनाने में ज्यादा सुविधा मिलेगी। हालांकि, लाल किले के रख-रखाव और स्टाफिंग को लेकर भी सवाल उठे हैं। अधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों की ड्यूटी रोस्टर को नए तरीके से तैयार किया जाएगा, ताकि सफाई और संरक्षण कार्य पर कोई असर न पड़े।
रख-रखाव के लिए नई व्यवस्था
पहले सोमवार को स्मारक बंद रहने के दौरान गहन सफाई और मरम्मत का काम होता था। अब पूरे हफ्ते खुले रहने के कारण अलग-अलग दिनों में चरणबद्ध तरीके से रख-रखाव किया जाएगा। अधिकारियों के मुताबिक, जरूरत पड़ने पर कुछ हिस्सों को अस्थायी रूप से बंद किया जा सकता है, ताकि मरम्मत और संरचनात्मक जांच का काम बिना बाधा के हो सके। संरक्षण विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव के साथ कड़ी निगरानी जरूरी होगी। बिना पूर्ण बंदी दिवस के भी नियमित निरीक्षण और मरम्मत की सही योजना बनानी होगी।
यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है लाल किला
लाल किला एक यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल है और हर साल लाखों पर्यटक यहां घूमने आते हैं। यही वह स्थान है, जहां से देश के प्रधानमंत्री हर साल स्वतंत्रता दिवस पर राष्ट्र को संबोधित करते हैं। नए फैसले से पर्यटकों को ज्यादा लचीलापन मिलेगा और दिल्ली घूमने वालों के लिए यह एक बड़ी राहत मानी जा रही है।





