नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के शाहदरा इलाके में स्थित नाथू कॉलोनी फ्लाईओवर को दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने 25 मई तक के लिए अस्थायी रूप से बंद कर दिया है. यह फैसला फ्लाईओवर की मरम्मत और लोड परीक्षण को ध्यान में रखते हुए लिया गया है.नाथू फ्लाईओवर से लगते दुर्गापुरी चौक और जीटीबी क्रॉसिंग के बीच का हिस्सा पूरी तरह से बंद कर दिया गया है. इस दौरान दोनों कैरिजवे पर किसी भी प्रकार के वाहन की आवाजाही की अनुमति नहीं है।
वाहनों को स्लिप रोड पर डायवर्ट किया गया
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जानकारी दी है कि दोपहिया, चार पहिया और हल्के मालवाहक (LGV) वाहनों को नाथू कॉलोनी फ्लाईओवर की स्लिप रोड के जरिए डायवर्ट किया गया है. पुलिस ने यह भी चेताया है कि टेस्टिंग और मरम्मत के दौरान लंबी कतारें लग सकती हैं और ट्रैफिक में देरी हो सकती है।
यातायात सुगम रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस तैनात
यात्रियों को राहत देने के लिए दुर्गापुरी चौक, लोनी गोल चक्कर, डीसी चंब्रे और गगन टी-पॉइंट जैसे वैकल्पिक मार्ग सुझाए गए हैं. इन स्थानों पर ट्रैफिक संकेतक भी लगाए गए हैं और अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस को तैनात किया गया है ताकि जाम की स्थिति न बने।
नाथू फ्लाईओवर की मरम्मत क्यों जरूरी हुई?
नाथू कॉलोनी फ्लाईओवर का निर्माण 2011 में व्यस्त नाथू चौराहे पर ट्रैफिक कम करने के लिए किया गया था. लेकिन 2018 में इसे खतरनाक मानते हुए भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी. दिल्ली पर्यटन और परिवहन विकास निगम (DTTDC) इस समय फ्लाईओवर का लोड टेस्ट कर रहा है, ताकि यह तय किया जा सके कि इसे फिर से पूरी तरह इस्तेमाल लायक कैसे बनाया जाए।
निर्माण में लापरवाही की भी हो रही जांच
पिछले साल दिसंबर में दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने फ्लाईओवर से जुड़ी निर्माण प्रक्रिया और देखरेख में हुई लापरवाही की जांच के आदेश दिए थे. फ्लाईओवर का निर्माण रोड नंबर 68 पर डीटीटीडीसी द्वारा किया गया था और बाद में इसे पीडब्ल्यूडी को सौंप दिया गया था।





