नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली नगर निगम (MCD) के मेयर चुनाव 2025 में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को बड़ी जीत मिली है। बीजेपी के उम्मीदवार राजा इकबाल सिंह को 133 वोट मिले और वे दिल्ली के नए मेयर बन गए हैं। दूसरी तरफ, कांग्रेस के उम्मीदवार मनदीप को सिर्फ 8 वोट ही मिल पाए। कुल 142 वोटों में से एक वोट अमान्य घोषित कर दिया गया।
AAP ने नहीं उतारा उम्मीदवार
MCD में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) ने इस बार मेयर पद के लिए कोई उम्मीदवार नहीं उतारा। वहीं, कांग्रेस के पास सिर्फ 8 वोट थे लेकिन फिर भी उसने अपना उम्मीदवार मैदान में उतारा।
डिप्टी मेयर भी बीजेपी से
डिप्टी मेयर पद के लिए बीजेपी के जय भगवान यादव निर्विरोध चुने गए। किसी अन्य पार्टी ने उनके खिलाफ नामांकन नहीं भरा। मेयर बनने के बाद राजा इकबाल सिंह ने कहा,”मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, दिल्ली बीजेपी प्रमुख वीरेंद्र सचदेवा और सभी नेताओं का धन्यवाद करता हूं। मैं वादा करता हूं कि सत्ता पक्ष और विपक्ष सभी को साथ लेकर दिल्ली के विकास के लिए काम करूंगा।” राजा इकबाल सिंह ने कहा कि उनका मुख्य फोकस दिल्ली की सफाई व्यवस्था सुधारना होगा। उन्होंने कहा,”हम कूड़े के पहाड़ हटाएंगे, जलभराव की समस्या का समाधान करेंगे और सभी नागरिकों को ज़रूरी सुविधाएं मुहैया कराएंगे।
दिल्ली में अब ट्रिपल इंजन की सरकार
दिल्ली में अब बीजेपी का ‘ट्रिपल इंजन’ मॉडल है। केंद्र में पीएम मोदी की सरकार, दिल्ली विधानसभा में रेखा गुप्ता की सरकार और अब नगर निगम (MCD) में भी बीजेपी की वापसी हो गई है।




