नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर भारत में घने कोहरे के कारण शुक्रवार सुबह हालात गंभीर हो गए। पंजाब से लेकर बिहार तक कई इलाकों में दृश्यता बेहद कम दर्ज की गई। इसी को देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली के लिए रेड अलर्ट जारी किया है और सड़क, रेल व हवाई यातायात प्रभावित होने की चेतावनी दी है।
सैटेलाइट तस्वीरों में दिखा घना कोहरा
IMD के मुताबिक, सैटेलाइट से मिली तस्वीरों में पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तर-पूर्वी मध्य प्रदेश और बिहार में घना कोहरा छाया हुआ नजर आया है। इससे आम जनजीवन के साथ-साथ ट्रांसपोर्ट सेवाओं पर भी असर पड़ने की आशंका है।
कई शहरों में विजिबिलिटी शून्य
सुबह करीब 5:30 बजे कई शहरों में दृश्यता शून्य मीटर दर्ज की गई। इनमें शामिल हैं आगरा, बरेली, सहारनपुर, गोरखपुर, अमृतसर, बठिंडा, लुधियाना, आदमपुर, सफदरजंग, अंबाला, ग्वालियर बिहार भागलपुर, डाल्टनगंज दिल्ली के लिए रेड अलर्ट। आईएमडी ने दिल्ली में रेड अलर्ट जारी करते हुए कहा है कि घने कोहरे के कारण हवाई अड्डों पर उड़ानों में देरी, रेल सेवाओं में बाधा और हाईवे पर यातायात प्रभावित हो सकता है।
यूपी के कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट
उत्तर प्रदेश के कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इनमें आगरा, अलीगढ़, बागपत, बरेली, बिजनौर, बुलंदशहर, एटा, इटावा, फिरोजाबाद, गौतमबुद्धनगर, गाजियाबाद, हापुड़, हाथरस, मथुरा, मेरठ, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, पीलीभीत, रामपुर, सहारनपुर, शाहजहांपुर और शामली शामिल हैं।
पंजाब और उत्तराखंड में भी चेतावनी
आईएमडी ने उत्तराखंड के हरिद्वार और उधम सिंह नगर के साथ-साथ पंजाब के अमृतसर, फतेहगढ़ साहिब, गुरदासपुर, पटियाला और संगरूर के लिए भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि घने कोहरे के कारण वाहन चलाने में दिक्कत, सड़क हादसों में बढ़ोतरी और कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित होने की आशंका है।
IMD की लोगों को सलाह
आईएमडी ने प्रभावित इलाकों के लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। सलाह में शामिल हैं वाहन चलाते समय फॉग लाइट का इस्तेमाल करें, अनावश्यक यात्रा से बचें, सड़क और ट्रैफिक की स्थिति पहले जांच लें, यात्रा से पहले एयरलाइंस, रेलवे और परिवहन विभाग से अपडेट लें प्रशासन और मौसम विभाग की जारी की गई गाइडलाइंस का पालन करें।




