नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे का असर सुबह इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर साफ दिखाई दिया। कम दृश्यता (Low Visibility) के चलते फ्लाइट ऑपरेशन बुरी तरह प्रभावित हुआ। अब तक करीब 40 उड़ानें रद्द, 200 से ज्यादा फ्लाइट्स देरी से चलीं, जबकि 7 फ्लाइट्स को जयपुर और अहमदाबाद जैसे दूसरे हवाई अड्डों पर डायवर्ट करना पड़ा। एयरपोर्ट सूत्रों के मुताबिक, कई उड़ानें अपने तय समय से 5 से 6 घंटे की देरी से रवाना हुईं। इसमें दिल्ली से मैनचेस्टर जाने वाली इंडिगो की फ्लाइट 6E-33 भी शामिल है। घने कोहरे के कारण लैंडिंग और टेकऑफ दोनों में दिक्कतें आईं, जिससे यात्रियों को लंबा इंतजार करना पड़ा।
उत्तर भारत के कई एयरपोर्ट प्रभावित
दिल्ली के अलावा जयपुर, हिंडन, शिमला समेत उत्तर भारत के कई हवाई अड्डों पर भी कोहरे का असर देखा गया। मौसम विभाग के अनुसार, सुबह के समय कोहरा ज्यादा घना रहा, जिससे उड़ानों की आवाजाही प्रभावित हुई।
एयरलाइंस की एडवाइजरी
इंडिगो, स्पाइसजेट और एयर इंडिया ने यात्रियों के लिए एडवाइजरी जारी की है। एयरलाइंस ने कहा है कि कम दृश्यता के कारण उड़ानों के संचालन पर असर पड़ा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। यात्रियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। इंडिगो ने अपनी एडवाइजरी में कहा,“दिल्ली में कम दृश्यता और कोहरे की वजह से हमारी उड़ानों पर असर पड़ा है। हम मौसम पर नजर बनाए हुए हैं और सुरक्षित परिचालन के लिए प्रयास कर रहे हैं। नागरिक विमानन मंत्रालय ने भी यात्रियों से अपील की है कि वे घर से निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस संबंधित एयरलाइन की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जरूर जांच लें। मंत्रालय ने कहा कि एटीसी, एयरलाइंस और एयरपोर्ट अथॉरिटी मिलकर कोशिश कर रहे हैं कि यात्रियों को कम से कम परेशानी हो। एयरपोर्ट जाने से पहले फ्लाइट स्टेटस चेक करें अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचें एयरलाइन की एडवाइजरी पर नजर रखें घने कोहरे का यह असर आने वाले दिनों में भी रह सकता है, ऐसे में यात्रियों को सतर्क रहने की जरूरत है।





