नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। दिल्ली में चुनावी सुगबुगाहट शुरु हो गई है। चौथी बार सरकार बनाने की हुंकार करने वाली आम आदमी पार्टी ने आज अपनी दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। जारी की गई उम्मीदवारों की लिस्ट में 20 नाम हैं जिसमें गौर करने वाली बात यह है कि पटपड़गंज से विधानसभा चुनाव लड़ चुके मनीष सिसोदिया की सीट को बदल दिया गया है। मनीष सिसोदिया की जगह पटपड़गंज विधानसभा सीट से हाल ही में आम आदमी का दामन थामने वाले अवध ओझा को चुनावी रण में उतारा गया है। इसके अलावा शाहदरा सीट से भी मौजूदा विधायक रामनिवास गोयल की जगह भी जितेंद्र सिंह शंटी को टिकट दिया गया है।
इन 20 सीटों पर उतारे गए उम्मीदवार
दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी के द्वारा जारी किए गए नाम हैं- नरेला से दिनेश भारद्वाज, तिमारपुर से सुरेंद्र पाल सिंह बिट्टू, मुंडका से जसबीर कालरा, आदर्श नगर से मुकेश गोयल, रोहिणी से प्रदीप मित्तल, मंगोलपुरी से राकेश जाटव, चांदनी चौक से पुनरदीप सिंह, पटेल नगर से प्रवेश रतन, मादीपुर से राखी बिड़लान, जनकपुरी से प्रवीन कुमार, बिजवासन से सुरेंद्र भारद्वाज, पालम से जोगिंदर सोलंकी, जंगपुरा से मनीष सिसोदिया, देवली से प्रेम कुमार चौहान, त्रिलोक पुरी से अंजना पार्चा, पटपड़गंज से अवध ओझा, कृष्णा नगर से विकास बग्गा, गांधी नगर से नवीन चौधरी, शाहदरा से जितेंद्र सिंह शंटी और मुस्तफाबाद से आदिल अहमद खान हैं।
अब तक दो लिस्ट जारी कर चुकी है आम आदमी पार्टी
इससे पहले आम आदमी पार्टी 11 उम्मीदवारों को ऐलान कर चुकी है। पहली लिस्ट में मटियाला, करावल नगर, घोंडा, सीमापुरी, सीलमपुर, बदरपुर, लक्ष्मी नगर, रोहतास नगर, विश्वास नगर, किराड़ी और छतरपुर के उम्मीदवारों के नाम शामिल थे।
गौरतलब है कि आम आदमी पार्टी एक बार फिर बीजेपी को पटखनी देने की बात कह रही है जबकि बीजेपी की तरफ से पलटवार करते हुए कहा जा रहा है कि इस बार बदलाव होकर रहेगा।




