नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली की वायु गुणवत्ता आज बुधवार को भी बहुत खराब श्रेणी में दर्ज की गई है। सिस्टम ऑफ एयर क्वालिटी एंड वेदर फॉरकास्टिंग एंड रिसर्च के अनुसार, AQI 349 पर है। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में जहांगीरपुरी सबसे अधिक प्रभावित है। यहां का AQI 417 पर रहा और आनंद विहार का AQI 402 पर रहा।
पराली जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश
दिल्ली में पड़ोसी राज्यों से भी प्रदूषण फैलता है, ऐसे में हरियाणा सरकार ने पराली जलाने के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अगले दो खरीद सत्रों में फसल बेचने पर रोक लगा दी है। हरियाणा में कृषि और कल्याण विभाग ने सर्कुलर जारी किया है जिसमें फसल अवशेष जलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का निर्देश दिया गया है। इसमें पराली जलाने वाले किसानों के खिलाफ FIR दर्ज करना शामिल है। साथ ही ऐसी घटनाओं को रोकने में लापरवाही करने वाले सरकारी अधिकारियों को नतीजे भुगतने की चेतावनी दी गई है। प्रदूषण की यह स्थिति दीपावली से पहले हो गई है और अगले 10 दिन काफी मुश्किल भरे हो सकते हैं। 31 जनवरी को दीपावली को त्योहार मनाया जाएगा। इसके बाद प्रदूषण में तेजी से बढ़ोतरी हो सकती है।
दिल्ली सरकार ने पटाखों पर लगाया प्रतिबंध
आने वाले दिनों में पराली जलाने के कारण स्थिति और खराब हो सकती है। खराब एयर क्वालिटी के मद्देनजर दिल्ली प्रदूषण नियंत्रण समिति ने 1 जनवरी, 2025 तक राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र दिल्ली में सभी प्रकार के पटाखों के बनाने, स्टोर करने, बेचने, ऑनलाइन प्लेटफॉर्म के माध्यम से डिलीवरी सहित और फोड़ने पर रोक लगा दी है। यह दिल्ली सरकार के 21 पॉइंट विंटर एक्शन प्लान का भाग है। इतना ही नहीं यमुना के पानी में भी सफेद झाग आने लगे है। दिल्ली की हवा के साथ पानी भी प्रदूषित हो गया है।
उल्लेखनीय है कि दिल्ली में प्रदूषण दिन प्रतिदिन बढ़ता ही जा रहा है जिस कारण एयर की गुणवत्ता खराब हो रही है। इसके मद्देनजर GRAP स्टेज 2 को लागू कर दिया गया है। यह चार चरणों में वर्गीकृत किया जाता है- स्टेज I – ‘खराब’ (AQI 201-300), स्टेज II – ‘बहुत खराब’ (AQI 301-400), स्टेज III – ‘गंभीर’ (AQI 401-450), स्टेज IV – ‘गंभीर प्लस’ (AQI >450)।





