नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। राजधानी दिल्ली में खराब वायु प्रदूषण के बीच ट्रैफिक पुलिस काफी सख्त नजर आ रही है। महज 50 दिनों में राष्ट्रीय राजधानी में अधिकारियों ने प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र नहीं होने पर 2.6 लाख से अधिक वाहनों के 260 करोड़ रुपये से अधिक के चालान जारी किए हैं। यह कार्रवाई ग्रैजुअल रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत की गई।
50 दिन में काटे ढाई लाख से ज्यादा चालान
आपकी जानकारी के लिए बता दें कि पर्यावरण विभाग ने 16 अक्टूबर से 6 दिसंबर के बीच GRAP के सभी 4 चरणों के दौरान 2,60,258 चालान जारी किए थे। विभाग ने 16 से 22 अक्टूबर के बीच GRAP के पहले चरण के दौरान कुल 12,756 चालान जारी किए, जबकि 22 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच GRAP के दूसरे चरण के दौरान 1,11,235 चालान और GRAP के तीसरे चरण के दौरान 13,938 चालान जारी किए गए। 15 और 17 नवंबर को 10,000 जुर्माना किया गया।
चौथे चरण की पाबंदियां हटाए जाने के बाद दूसरे चरण की पाबंदियां लागू हैं
GRAP के चौथे चरण के दौरान 18 नवंबर से 5 दिसंबर के बीच 1,14,089 चालान जारी किए गए थे. आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, गुरुवार को चौथे चरण की पाबंदियां हटाए जाने के बाद दूसरे चरण की पाबंदियां लागू हैं और इस दौरान 8,240 चालान जारी किए गए। वैध प्रदूषण नियंत्रण प्रमाणपत्र नहीं होने पर वाहन चालक पर 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया जाता है।





