नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी के एक बयान ने सियासी हलकों में हलचल मचा दी है। उन्होंने कहा कि उनका सपना है कि एक दिन हिजाब पहनने वाली बेटी इस देश की प्रधानमंत्री बने। ओवैसी के इस बयान पर भाजपा ने तीखी प्रतिक्रिया दी है, जिसके बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
सोलापुर में क्या बोले ओवैसी?
असदुद्दीन ओवैसी ने शनिवार को महाराष्ट्र के सोलापुर में एक कार्यक्रम के दौरान भारत और पाकिस्तान के संविधान की तुलना की उन्होंने कहा कि भारत का संविधान हर नागरिक को बराबर अवसर देता है, चाहे उसका धर्म, जाति या पहनावा कुछ भी हो. ओवैसी ने कहा कि पाकिस्तान के संविधान में प्रधानमंत्री बनने के लिए धार्मिक शर्तें तय हैं, जबकि भारत के संविधान में कोई भी नागरिक प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मेयर बन सकता है। उन्होंने इसे भारतीय लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत बताया और बाबा साहेब अंबेडकर को इसका श्रेय दिया।
”हिजाब पहनने वाली बेटी बनेगी प्रधानमंत्री”
अपने भाषण में ओवैसी ने कहा, “मेरा सपना है कि एक दिन इस देश में हिजाब पहनने वाली बेटी प्रधानमंत्री बने.” उन्होंने कहा कि यह सपना संविधान की भावना को दर्शाता है, जो सभी नागरिकों को समान अधिकार देता है. ओवैसी ने जोर दिया कि भारत में किसी के साथ धर्म या पहनावे के आधार पर भेदभाव नहीं होना चाहिए।
युवाओं और अल्पसंख्यकों से की अपील
ओवैसी ने युवाओं और अल्पसंख्यक समुदाय से लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी करने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षा और जागरूकता से ही समाज में बदलाव आएगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि देश की विविधता ही उसकी असली ताकत है।
ओवैसी के बयान पर BJP का तीखा हमला
ओवैसी के बयान पर महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने कड़ी प्रतिक्रिया दी। राणे ने कहा, “भारत हिंदू राष्ट्र है. यहां हिजाब या बुर्का पहनने वाली महिलाएं न प्रधानमंत्री बनेंगी और न मुंबई की मेयर उन्होंने यह भी कहा कि ऐसे सपने देखने वालों को इस्लामिक देशों में जाना चाहिए। नितेश राणे के बयान पर AIMIM नेता वारिस पठान ने पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भारत किसी नेता की सोच से नहीं, बल्कि संविधान से चलता है। पठान ने साफ कहा कि संविधान के अनुसार कोई भी नागरिक प्रधानमंत्री, राज्यपाल या मेयर बन सकता है।




