नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली में एक बार फिर कोरोना वायरस के मामलों में हल्का उछाल देखने को मिला है, लेकिन मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्लीवासियों को आश्वस्त किया है कि घबराने की कोई जरूरत नहीं है। उन्होंने कहा कि सरकार हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है।
अस्पतालों में भर्ती हैं 19 मरीज, बाकी होम आइसोलेशन में
रेखा गुप्ता ने गुरुवार को लोक नायक जय प्रकाश अस्पताल से मीडिया को संबोधित करते हुए बताया कि दिल्ली में फिलहाल 19 कोरोना मरीज अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि बाकी मरीजों का इलाज घर पर ही चल रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार ने सभी अस्पतालों को जरूरी बेड, दवाइयां और ऑक्सीजन की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया है।
फिलहाल आपात स्थिति नहीं, लेकिन सतर्क रहना जरूरी
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि भले ही कोरोना के केस 100 पार कर गए हों, लेकिन यह कोई आपात स्थिति नहीं है। उन्होंने कोविड-19 को मौसमी वायरस बताते हुए कहा, “जैसे सर्दी-खांसी होती है, वैसे ही यह भी एक सामान्य वायरल संक्रमण की तरह है। हालांकि उन्होंने लोगों से सावधानी बरतने और स्वास्थ्य नियमों का पालन करने की अपील की है।
26 मई तक दिल्ली में 104 एक्टिव केस
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 26 मई तक दिल्ली में 104 एक्टिव केस थे। पिछले सप्ताह 24 मरीजों ने कोरोना को मात दी है। अधिकारियों ने कहा कि सरकार स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है और सभी अस्पतालों को एडवाइजरी जारी कर दी गई है।
रेखा गुप्ता ने लोगों को दिया भरोसा
मुख्यमंत्री ने दोहराया कि, “दिल्ली सरकार पूरी तरह सतर्क है और किसी भी हालात से निपटने में सक्षम है। नागरिकों को घबराने की जरूरत नहीं, लेकिन सतर्कता और जिम्मेदारी ज़रूरी है।





