नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । उत्तर प्रदेश में बीजेपी नेता संगीत सोम ने धार्मिक नेता जगद्गुरु रामभद्राचार्य से आगे बढ़ते हुए आबादी के आधार पर क्षेत्रों की तुलना पाकिस्तान से करना शुरू कर दिया है। पहले यह तुलना मामूली स्तर पर होती थी, लेकिन अब इसे बड़े स्तर पर किया जा रहा है, जिससे यह राजनीतिक और सामाजिक चर्चा का विषय बन गया है। तो वही, जगद्गुरु रामभद्राचार्य के बयान की आलोचना भी की जा रही है।
उत्तर प्रदेश के बीजेपी नेता संगीत सोम ने स्वामी रामभद्राचार्य के वेस्ट यूपी को “मिनी पाकिस्तान” कहने के बयान पर पलटवार किया। संगीत सोम ने कहा कि वेस्ट यूपी अब “मिनी पाकिस्तान” नहीं, बल्कि पाकिस्तान जैसा बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग देश की डेमोग्राफी बदलने में लगे हैं, लेकिन बीजेपी सरकार इसे रोकने में सक्षम है।
साथ ही, संगीत सोम ने समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव पर भी निशाना साधा और कहा कि, सपा प्रमुख अखिलेश यादव और समाजवादी पार्टी के अंदर मुगलों की आत्मा है, और बीजेपी कभी मुगलों का शासन आने नहीं देगी। संगीत सोम के इस बयान के बाद यूपी की राजनीतिक तापमान का पारा हाई चढ़ा हुआ है।
चौधरी इफ्राहीम हुसैन ने तीखी प्रतिक्रिया दी
बता दें कि, उत्तर प्रदेश के मेरठ में कथा के दौरान जगद्गुरु रामभद्राचार्य ने इस क्षेत्र को “मिनी पाकिस्तान” बताया। उनके बयान पर मुस्लिम धर्मगुरु चौधरी इफ्राहीम हुसैन ने तीखी प्रतिक्रिया दी और इसे अस्वीकार्य बताया। इफ्राहीम हुसैन ने भारत को “फूलों का गुलदस्ता” बताते हुए एकता और सौहार्द का संदेश दिया।
”ऐसे बयान स्वीकार्य नहीं”
सपा सांसद हरेंद्र मलिक ने जगद्गुरु रामभद्राचार्य के “मिनी पाकिस्तान” बयान पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह उनकी निजी राय हो सकती है, लेकिन इस क्षेत्र के लोग इसे भारत का अभिन्न हिस्सा मानते हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि सभी निवासी भारतीय हैं और संविधान में विश्वास रखते हैं, इसलिए संविधान के खिलाफ कही गई किसी भी बात का समर्थन या स्वीकार नहीं किया जा सकता।





