नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राजस्थान के भीलवाड़ा में कार और ठेले की टक्कर के बाद शुरू हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसमें कार सवार युवक सीताराम की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। इसके चलते क्षेत्र में सांप्रदायिक तनाव फैल गया है। यह घटना शुक्रवार शाम जहाजपुर इलाके में हुई।
घटना के विरोध में स्थानीय व्यापारियों और निवासियों ने शनिवार को जहाजपुर बंद का आह्वान किया, जिसका व्यापक असर देखा गया। सभी दुकानें और व्यवसायिक प्रतिष्ठान पूरी तरह बंद हैं। पुलिस ने अब तक 16 नामजद और 20 अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। हालात को नियंत्रण में रखने के लिए मौके पर 10 थानों की पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
ये है पूरा मामला
शुक्रवार रात जहाजपुर स्थित एक मस्जिद के पास एक कार की ठेले से टक्कर हो गई, जिससे ठेले पर रखा प्याज सड़क पर बिखर गया। इससे नाराज समुदाय विशेष के लोगों ने कार सवार सीताराम सहित उनके दोस्तों सिकंदर, दिलखुश और दीपक के साथ मारपीट की। इस हिंसा में सीताराम गंभीर रूप से घायल हुआ और बाद में अस्पताल में उसकी मौत हो गई। घटना के बाद अस्पताल के बाहर भारी संख्या में लोग एकत्र हो गए और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन करने लगे। बीजेपी विधायक गोपीचंद मीणा भी धरने पर बैठ गए।
मृतक के जीजा का बयान
सीताराम के जीजा ने बताया कि वह अपने दोस्तों के साथ आया था और गलती से उनकी कार से ठेले को टक्कर लग गई थी। इसके बाद स्थानीय युवकों ने उन सभी की बुरी तरह पिटाई कर दी। मारपीट के कारण सीताराम गंभीर रूप से घायल हो गया। सीताराम के जीजा ने बताया कि मारपीट करने वालों ने कार का तार काट दिया, जिससे सीताराम को समय पर अस्पताल नहीं ले जाया जा सका। अंततः बाइक से उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।





