नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । उत्तर भारत में चल रही ठंडी हवाओं ने मौसम का मिजाज बदलना शुरू कर दिया है। कई राज्यों में सर्दी का असर दिखने लगा है। मौसम विभाग के अनुसार, दिवाली के बाद दिल्ली सहित कई राज्यों में तापमान में गिरावट दर्ज की जा सकती है और सर्दी बढ़ने लगेगी। वहीं, उत्तर भारत में अगले एक सप्ताह तक बारिश की कोई संभावना नहीं है।
दिल्ली-NCR में जल्द ठंड देगी दस्तक
राजधानी दिल्ली और एनसीआर में सर्दी समय से पहले ही दस्तक दे सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को दिल्ली-एनसीआर में आसमान साफ रहेगा, लेकिन सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस की जा सकती है। नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में दिन का अधिकतम तापमान 30 से 31 डिग्री सेल्सियस और रात का न्यूनतम तापमान 18 से 19 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है, जो साल के इस समय के औसत से थोड़ा कम है। मौसम विभाग ने बताया कि सोमवार को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम है। यह लगातार चौथा दिन था जब तापमान 20 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। विभाग का कहना है कि दिवाली के बाद तक बारिश की कोई संभावना नहीं है, लेकिन त्योहार के बाद ठंड में तेजी आने की पूरी उम्मीद है।
दिल्ली की हवा फिर हुई जहरीली!
दिल्ली में सर्दी की दस्तक के साथ ही वायु प्रदूषण का स्तर बढ़ने लगा है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के अनुसार, 24 घंटे का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 189 दर्ज किया गया, जो ‘मध्यम’ श्रेणी में आता है। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि तापमान में गिरावट और हवा की रफ्तार कम होने से प्रदूषक तत्व वातावरण में अधिक समय तक बने रहते हैं। अगर यही रुझान जारी रहा तो आने वाले दिनों में वायु गुणवत्ता ‘खराब’ श्रेणी में पहुंच सकती है।
दक्षिण भारत में बारिश का अलर्ट
देश के दक्षिणी हिस्सों में एक बार फिर बारिश का दौर शुरू होने जा रहा है। मौसम विभाग ने तमिलनाडु, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक, तटीय आंध्र प्रदेश और लक्षद्वीप में 14 से 18 अक्टूबर तक भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं और गरज-चमक के साथ बारिश होने की चेतावनी दी गई है। इसके अलावा, 14 और 15 अक्टूबर के दौरान छत्तीसगढ़, मराठवाड़ा, विदर्भ, ओडिशा, गोवा और मध्य महाराष्ट्र में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
बंगाल से लौट गया मानसून
दक्षिण-पश्चिम मानसून की पूरे पश्चिम बंगाल से वापसी हो गई है। IMD के अनुसार, राज्य में अब मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहेगा और अगले सात दिनों तक बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम विभाग के आंकड़ों के मुताबिक, सोमवार सुबह साढ़े आठ बजे तक के 24 घंटों में पश्चिम बंगाल के किसी भी हिस्से में वर्षा दर्ज नहीं की गई। राजधानी कोलकाता में सोमवार को अधिकतम तापमान 31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य स्तर के करीब है। आईएमडी ने अनुमान जताया है कि मंगलवार सुबह तक कोलकाता में आंशिक रूप से बादल छाए रह सकते हैं, लेकिन बारिश की संभावना नहीं है।





