नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । दिल्ली-एनसीआर में बुधवार सुबह से ही भीषण ठंड और शीतलहर का असर देखने को मिल रहा है। घने कोहरे के कारण सड़कों पर दृश्यता काफी कम हो गई है, जिससे यातायात और आम जनजीवन प्रभावित हुआ है। राजधानी समेत आसपास के क्षेत्रों में कोहरे की मोटी परत छाई हुई है। इसी बीच देश के कई हिस्सों में मकर संक्रांति का पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित गंगासागर में गंगा स्नान के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु जुट रहे हैं। दूर-दराज से आए लोग घाटों पर पहुंचकर आस्था की डुबकी लगा रहे हैं।
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में चल रहे माघ मेले के दौरान एकादशी के अवसर पर संगम घाट पर भी श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ड्रोन फुटेज में संगम क्षेत्र श्रद्धालुओं से भरा नजर आया। सुरक्षा के मद्देनज़र प्रशासन ने पूरे इलाके में कड़े इंतजाम किए हैं और लगातार निगरानी रखी जा रही है।
माघ मेला अधिकारी ऋषि राज ने बताया कि एकादशी के मौके पर सुबह 6 बजे तक करीब 9 लाख 50 हजार श्रद्धालु संगम में स्नान कर चुके थे। उन्होंने कहा कि मकर संक्रांति गुरुवार को है, लेकिन 14 जनवरी होने के कारण आज भी बड़ी संख्या में लोग स्नान के लिए पहुंच रहे हैं। सभी घाटों पर पुलिस बल तैनात है। वहीं, उत्तराखंड के उत्तरकाशी में भी मकर संक्रांति के अवसर पर गंगा स्नान के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ देखने को मिल रही है। हरिद्वार की हर की पौड़ी भी घने कोहरे की चादर में लिपटी नजर आई।
दिल्ली में शीतलहर का ऑरेंज अलर्ट
मौसम विभाग ने बुधवार के लिए दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। विभाग का अनुमान है कि आने वाले कुछ दिनों तक राजधानी में कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर बना रहेगा। बीते 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखा गया, जबकि अधिकतम तापमान में 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की मामूली बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
राजधानी में अधिकतम तापमान 16 से 18 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, वहीं न्यूनतम तापमान 3 से 4 डिग्री सेल्सियस के आसपास रिकॉर्ड किया गया। कई इलाकों में रात का पारा सामान्य से काफी नीचे चला गया। कुछ स्थानों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से 3.1 से 5 डिग्री तक कम दर्ज किया गया, जबकि अन्य क्षेत्रों में यह 1.6 से 3 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा। अधिकतम तापमान भी कई जगहों पर सामान्य से कम या उसके आसपास ही बना रहा। घने कोहरे के कारण दृश्यता पर भी असर पड़ा और सफदरजंग तथा पालम एयरपोर्ट इलाकों में सबसे कम विजिबिलिटी दर्ज की गई, जिससे यातायात प्रभावित हुआ।
तीन साल की सबसे ठंडी सुबह
मौसम विभाग के अनुसार मंगलवार को दिल्ली में लगातार तीसरे दिन शीतलहर की स्थिति बनी रही। राजधानी में न्यूनतम तापमान 3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब 4.4 डिग्री कम रहा। यह बीते तीन वर्षों में जनवरी महीने की सबसे सर्द सुबह मानी जा रही है। इससे पहले 16 जनवरी 2023 को न्यूनतम तापमान 1.4 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया था। अधिकतम तापमान की बात करें तो लोधी रोड क्षेत्र में 22 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि आयानगर में 21.9 डिग्री, रिज क्षेत्र में 21.4 डिग्री और पालम में 19.2 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। वहीं राजधानी के सभी मौसम केंद्रों पर न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी नीचे रहा, जिससे ठंड का असर पूरे दिन महसूस किया गया।
आगे कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 14 जनवरी को आसमान मुख्य रूप से साफ रहने की संभावना है, हालांकि कुछ इलाकों में शीतलहर का असर बना रह सकता है। सुबह के समय हल्की से मध्यम धुंध छाए रहने का अनुमान है। वहीं 15 और 16 जनवरी को मौसम में आंशिक बदलाव देखने को मिल सकता है। इन दिनों आसमान में आंशिक बादल रहेंगे और सुबह के वक्त हल्का से मध्यम कोहरा छाने की संभावना जताई गई है। इस दौरान तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने की उम्मीद है।
इसके अलावा अगले 5 से 6 दिनों तक उत्तर-पश्चिम भारत और बिहार के कई हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा छाए रहने की प्रबल संभावना है। इसका असर हवाई, रेल और सड़क यातायात पर पड़ सकता है। यात्राओं में देरी के साथ-साथ सड़क दुर्घटनाओं का खतरा भी बना रहेगा। बहुत घने कोहरे वाले क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और लाइन ट्रिप होने की आशंका भी जताई गई है।
इन बातों का रखें खास ध्यान
घने कोहरे में मौजूद प्रदूषक तत्व फेफड़ों में जमा होकर सांस से जुड़ी परेशानियों को बढ़ा सकते हैं। ऐसे में अस्थमा और ब्रोंकाइटिस से पीड़ित लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। इसके अलावा आंखों में जलन, लालिमा और संक्रमण का खतरा भी बढ़ जाता है। लंबे समय तक ठंड के संपर्क में रहने से फ्लू, सर्दी-जुकाम, नाक बहना, नाक से खून आना और यहां तक कि फ्रॉस्टबाइट जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं। विशेषज्ञों का कहना है कि शरीर में लगातार कंपकंपी महसूस हो तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए।
सुरक्षा के लिहाज से वाहन चलाते समय फॉग लाइट का प्रयोग करें और यात्रा से पहले एयरलाइन, रेलवे या परिवहन विभाग की जानकारी जरूर लें। ठंड से बचाव के लिए ढीले और गर्म ऊनी कपड़ों की कई परतें पहनें। सिर, गर्दन, हाथ और पैरों को पूरी तरह ढककर रखें ताकि शरीर की गर्मी बनी रहे।





