नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। लखनऊ में महापरिनिर्वाण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने डॉ. भीमराव आंबेडकर को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि अब उत्तर प्रदेश में जहां-जहां बाबा साहेब की प्रतिमाएं लगी हैं, वहां उनकी सुरक्षा के लिए छत और बाउंड्री वॉल बनाई जाएगी। सरकार की ओर से इसके लिए नई नीति लागू की जाएगी।
पूरे प्रदेश में आंबेडकर प्रतिमाओं की होगी विशेष सुरक्षा
सीएम योगी ने मंच से कहा कि कुछ असामाजिक तत्व समय-समय पर बाबा साहेब की प्रतिमाओं को नुकसान पहुंचाने का प्रयास करते हैं। इसे देखते हुए सरकार ने फैसला किया है कि हर आंबेडकर प्रतिमा पर छत बनेगी चारों तरफ बाउंड्री वॉल होगी जरूरत पड़ने पर निगरानी की व्यवस्था भी की जाएगी उन्होंने साफ कहा कि आंबेडकर की विरासत की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है।
कांग्रेस पर निशाना, 1923 की घटना का किया जिक्र
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी ने कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने 1923 की एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि जब कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने ‘वंदे मातरम’ गाने से इंकार किया था, तब बाबा साहेब ने स्पष्ट कहा था कि जो व्यक्ति भारत की धरती को पवित्र नहीं मानता, वह कभी देशहित में काम नहीं कर सकता। सीएम योगी ने कहा कि बाबा साहेब ने हमेशा न्याय, समानता और भाईचारे का संदेश दिया और राष्ट्रहित के खिलाफ किसी भी सोच को खारिज किया।
डिप्टी CM ब्रजेश पाठक का कांग्रेस और सपा पर हमला
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा बाबा साहेब ने दलितों, पिछड़ों और वंचितों को वोट का अधिकार दिलाया, लेकिन कांग्रेस ने उन्हें चुनाव हराने का काम किया। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासन में दलितों के अधिकार कमजोर हुए और कुछ नेताओं ने बाबा साहेब का अपमान तक किया था। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बाबा साहेब से जुड़े ‘पंचतीर्थ’ का विकास किया है। डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि बाबा साहेब का सबसे बड़ा योगदान भारत का संविधान है आज भी देश उसी संविधान की ताकत से आगे बढ़ रहा है 2029 में संसद और विधानसभाओं में 33% महिला आरक्षण लागू होगा उन्होंने मतदाता सूची के शुद्धिकरण अभियान को भी लोकतंत्र के लिए जरूरी बताया।





