नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । महाराष्ट्र की राजनीति में दशहरा मेले ने नया मोड़ ले लिया है। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे के दशहरा भाषण पर कड़ा कटाक्ष किया। विपक्षी नेताओं के बयानों ने सियासी बहस तेज कर दी है, जिससे राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है।
दशहरा मेले में सीएम देवेंद्र फडणवीस ने शिवसेना (UBT) प्रमुख उद्धव ठाकरे के सवालों पर तंज कसते हुए पूछा कि क्या वे नेशनल लीडर हैं। साथ ही, फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी को ‘सीरियल लायर’ करार देते हुए उनके संविधान और लोकतंत्र संबंधी टिप्पणियों को खारिज किया।
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने राज्य में साइबर क्राइम से सुरक्षा के लिए जागरूकता अभियान शुरू करने का ऐलान किया। वहीं, विपक्ष ने भाजपा पर ‘पेड वोटर’ बनाने का आरोप लगाते हुए सियासी विवाद को और भड़का दिया है।
उद्धव ठाकरे के हिंदी वाले भाषण पर भड़के देवेंद्र फडणवीस
बता दें कि, दशहरा मेले के मौके पर उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर तीखे हमले किए थे, जिसका मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने तुरंत ही कड़ा और तीखा जवाब दिया। जब पत्रकारों ने हिंदी में उनके भाषण पर सवाल पूछा, तो फडणवीस ने तंज कसते हुए पूछा कि क्या वे नेशनल लीडर हैं। उन्होंने कहा कि कल की टिप्पणियों से मुझे 1000 रुपये की शर्त जीतने का मौका मिला, क्योंकि उन्होंने विकास के मुद्दे पर एक भी बात नहीं की।
उद्धव ठाकरे का बीजेपी पर तीखा प्रहार
उद्धव ठाकरे ने भाजपा पर आरोप लगाया कि, पार्टी सभी को मुफ्त सुविधाएं देकर ‘पगार वाले वोटर’ तैयार कर रही है। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को फ्रस्ट्रेटेड बताते हुए कहा कि जब कोई व्यक्ति निराश होकर फ्रस्ट्रेटेड होता है, तो वह उल्टा-सीधा बोलता है, लेकिन समझदार लोग उस पर ध्यान नहीं देते।
राहुल गांधी के कोलंबिया में दिए बयान पर बरसे
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने कोलंबिया में राहुल गांधी के संविधान पर दिए बयान पर भी तीखा हमला किया। फडणवीस ने कहा कि राहुल गांधी को देश के संविधान पर भरोसा नहीं है। उन्होंने याद दिलाया कि इंदिरा गांधी ने इमरजेंसी लगाकर राजशाही लाने की कोशिश की थी, लेकिन लोकतंत्र ने उसे रोक दिया।
फडणवीस ने कहा कि, भारत का लोकतंत्र बाबा साहब आंबेडकर का दिया हुआ है और किसी के बाप में इसे बदलने की ताकत नहीं। उन्होंने राहुल गांधी को बार-बार ‘सीरियल लायर’ करार दिया।
साइबर क्राइम जागरूकता अभियान की शुरुआत
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने साइबर क्राइम से निपटने के लिए राज्य में जागरूकता अभियान शुरू करने का ऐलान किया। उन्होंने बताया कि, यह अभियान महाराष्ट्र के सभी जिलों में चलाया जाएगा, जिसमें युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों को साइबर फ्रॉड, ऑनलाइन स्कैम और डिजिटल सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा।
बांग्लादेशी घुसपैठियों पर कड़ी कार्रवाई
सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बांग्लादेशी घुसपैठ पर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि, पिछले नौ महीनों में करीब 2,000 बांग्लादेशियों पर कार्रवाई की गई है और घुसपैठ रोकी जाएगी। जो भी अवैध रूप से आएगा उसे पकड़ कर वापस भेजा जाएगा, प्रशासन तत्परता से काम कर रहा है।





