नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । वक्फ संशोधन अधिनियम को लेकर देशभर में राजनीतिक माहौल गर्म है। ऐसे में अब भारतीय जनता पार्टी के सांसद निशिकांत दुबे का एक बयान सामने आया है। उन्होंने कहा है कि अगर सुप्रीम कोर्ट कानून बनाने जा रहा है तो संसद भवन बंद कर देना चाहिए। उन्होंने मीडिया को दिए अपने बयान का वीडियो एक्स पर शेयर किया है। इस दौरान उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि, ”देश में हो रहे सभी गृहयुद्धों के लिए भारत के मुख्य न्यायाधीश संजीव खन्ना जिम्मेदार हैं।”
सांसद निशिकांत दुबे ने मीडिया को एक्स पर दिए बयान के कुछ वीडियो साझा किए हैं। इसमें उन्होंने कहा, “देश में धार्मिक युद्ध भड़काने के लिए सुप्रीम कोर्ट जिम्मेदार है। सुप्रीम कोर्ट अपनी सीमाओं से परे जा रहा है। अगर सब कुछ सुप्रीम कोर्ट में ही होना है तो संसद और विधानसभा को बंद कर देना चाहिए।” उन्होंने ऐसा कहा है।
‘देश को अराजकता की ओर ले जाना चाहते हैं’
निशिकांत दुबे ने आगे कहा, “आप उन लोगों को कैसे निर्देश दे सकते हैं जो आपको नियुक्त करते हैं? राष्ट्रपति भारत के मुख्य न्यायाधीश को नियुक्त करते हैं। संसद इस देश का कानून बनाती है। क्या आप उस संसद को आदेश देंगे? किस कानून में लिखा है कि राष्ट्रपति को तीन महीने के भीतर किसी विधेयक पर फैसला लेना चाहिए? इसका मतलब है कि आप इस देश को अराजकता की ओर ले जाना चाहते हैं।” बता दें कि कुछ दिन पहले सुप्रीम कोर्ट ने एक मामले में फैसला दिया था कि राष्ट्रपति को मंजूरी के लिए आए विधेयकों पर तीन महीने के भीतर निर्णय लेना चाहिए।
‘हमें एक दूसरे का सम्मान करना चाहिए’
इससे पहले सुप्रीम कोर्ट में वक्फ एक्ट के खिलाफ याचिकाओं पर सुनवाई से पहले केंद्रीय कानून मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा था, “मुझे पूरा विश्वास है कि सुप्रीम कोर्ट इस कानूनी मामले पर कोई टिप्पणी नहीं करेगा। विधायिका और न्यायपालिका को एक-दूसरे का सम्मान करना चाहिए।”





