मुख्यमंत्री योगी सहित कई नेताओं ने अमर सिंह के निधन पर जताया शोक
मुख्यमंत्री योगी सहित कई नेताओं ने अमर सिंह के निधन पर जताया शोक

मुख्यमंत्री योगी सहित कई नेताओं ने अमर सिंह के निधन पर जताया शोक

संजय सिंह लखनऊ, 01 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राज्य सभा सांसद अमर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अमर सिंह एक वरिष्ठ एवं अनुभवी राजनेता थे। मुख्यमंत्री ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उत्तर प्रदेश विधान सभा के अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित ने ट्वीट किया कि राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन का दुखद समाचार प्राप्त हुआ। ईश्वर से प्रार्थना है दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें। उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने ट्वीट किया कि राज्यसभा सांसद अमर सिंह के निधन का दुःखद समाचार प्राप्त हुआ। उन्होंने कहा कि यह पूरे राजनीतिक जगत के लिए एक अपूरणीय क्षति है। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत आत्मा को शांति व परिजनों को यह दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करें। ऊं शान्ति शान्ति।। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने ट्वीट किया कि श्री अमर सिंह जी के स्नेह-सान्निध्य से वंचित होने पर भावपूर्ण संवेदना एवं श्रद्धांजलि। वहीं पार्टी के आधिकारिक ट्विटर एकांउट से ट्वीट किया गया कि लंबी बीमारी के बाद सिंगापुर में इलाज के दौरान राज्यसभा सांसद श्री अमर सिंह जी का निधन अत्यंत दुखद ।दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकसंप्त परिवार को शक्ति प्रदान करे ईश्वर। गहन संवेदना एवं भावभीनी श्रद्धांजलि। कांग्रेस महासचिव व उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने ट्वीट किया कि ईश्वर श्री अमर सिंह जी की आत्मा को अपने श्रीचरणों में शरण दें। श्री अमर सिंह जी के परिवार के प्रति मेरी भावपूर्ण संवेदनाएं। मैं इस दुखद क्षण में उनकी शोक संतप्त पत्नी और बेटियों के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करती हूं। प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया) के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने ट्वीट किया कि प्रिय मित्र अमर सिंह जी के निधन की दुःखद खबर से निःशब्द हूं, स्तब्ध हूं और बेहद मर्माहत हूं। उनका जाना मेरी व्यक्तिगत क्षति है। ईश्वर से प्रार्थना है कि दिवंगत की आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान दें और शोकाकुल परिवार व समर्थकों को यह दुःख सहने की शक्ति दें। राज्यसभा सदस्य और पूर्व समाजवादी पार्टी नेता अमर सिंह का 64 साल की उम्र में शनिवार की दोपहर बाद सिंगापुर में निधन हो गया। अमर सिंह काफी लम्बे समय से बीमार चल रहे थे और करीब छह महीने से उनका सिंगापुर में इलाज किया जा रहा था। आज दिन में ही उन्होंने स्वतंत्रता सेनानी बाल गंगाधर तिलक को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी थी। इसके साथ ही लोगों को ईद अल अजहा के मौके पर बधाई भी दी। हिन्दुस्थान समाचार-hindusthansamachar.in

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in