-मुख्यमंत्री ने अफवाहों में न आने और टीका लगवाने का किया आह्वान गंगटोक, 11 अप्रैल (हि.स.)। सिक्किम के मुख्यमंत्री पीएस तमांग ने आज राजधानी गंगटोक के नए एसटीएनएम अस्पताल में कोविड-19 वैक्सीन की पहली खुराक ली। मुख्यमंत्री के साथ उनकी पत्नी कृष्णा कुमारी राई, ग्रामीण विकास विभाग मंत्री सोनाम लामा, मुख्यमंत्री कार्यालय के सचिव एसडी ढकाल और अन्य अधिकारियों ने भी वैक्सीन की पहली खुराक ली। टीकाकरण के बाद पत्रकारों से बातचीत में मुख्यमंत्री ने कहा कि वह आनंद और खुद को सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि वैक्सीन लगाने से उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई। कोविड-19 वैक्सीन भी अन्य टीकों की तरह सामान्य है। उन्होंने कहा कि आज से ‘टीका उत्सव’ भी राज्यव्यापी रूप में शुरू किया गया है। उन्होंने राज्य स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगाए गए शिविरों में जाकर 45 वर्ष और उससे अधिक आयु के लोगों को टीकाकरण करने की अपील की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत सरकार देशवासियों को कोविड-19 टीका मुफ्त प्रदान कर रही है। इसलिए लोगों को किसी भी तरह की अफवाह में आए बिना टीका लगाने का काम करना चाहिए। उन्होंने लोगों से टीकाकरण के बाद भी कोविड के उचित व्यवहार का पालन करने का आह्वान किया। सवालों के जवाब में मुख्यमंत्री तमांग ने कहा कि फिलहाल सिक्किम ने लॉकडाउन लगाने के बारे में नहीं सोचा है, क्योंकि व्यापार और व्यवसाय भी चलाना आवश्यक है। हालांकि अगर स्थिति अनियंत्रित हो जाती है तो शनिवार और रविवार को बाजारों को बंद रखने का निर्णय लिया जा सकता है। सरकार राज्य में कोविड-19 मामलों की स्थिति की निगरानी कर रही है। उल्लेखनीय है कि सिक्किम आने वाले पर्यटकों के लिए राज्य सरकार द्वारा आरटीपीसीआर परीक्षण अनिवार्य कर दिया गया है। हालांकि, पर्यटक सिक्किम में आने के बाद भी अपना कोविड परीक्षण करवा सकते हैं। मुख्यमंत्री तमांग ने पर्यटकों की सुविधा के लिए सिक्किम के दो प्रवेशद्वार रंगपो और मल्ली चेकपोस्ट में रैपिड एंटीजन टेस्ट सुविधा शुरू करने की जानकारी दी। हिन्दुस्थान समाचार/बिशाल/रामानुज




