जम्मू, 27 मार्च (हि.स.)। आईएसएसएफ विश्व कप में 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन पुरुष टीम स्पर्धा में जम्मू-कश्मीर के अंतरराष्ट्रीय शूटर चैन सिंह ने अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक जीता है। इस शानदार जीत पर प्रदेश के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने ट्वीट कर चैन सिंह को बधाई दी है। उपराज्यपाल ने ट्वीट के जरिए कहा कि जम्मू-कश्मीर के शूटर चैन सिंह को स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई। चैन ने यह कारनामा कर न सिर्फ जम्मू कश्मीर का नाम रोशन किया बल्कि प्रदेश के हरेक नागिरक को उनके इस प्रदर्शन पर नाज है। मेरी शुभकामनाएं हमेशा आपके साथ हैं। आप हमेशा कामयाब रहें। शूटर चैन सिंह केंद्र शासित प्रदेश जम्मू कश्मीर के पहले अंतरराष्ट्रीय शूटर हैं। वह जम्मू संभाग के डोडा जिला के दूरदराज क्षेत्र के गांव भलेसा के रहने वाले हैं। वह सेना में सूबेदार हैं और सेना में भर्ती होने के उपरांत ही उनमें शूटिंग करने का शौक पैदा हुआ। सेना ने उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया और आज नतीजा सभी के सामने है। चैन सिंह ने वर्ष 2016 में रियो ओलंपिक में भी देश का प्रतिनिधित्व करने का गौरव हासिल किया था। हिन्दुस्थान समाचार/बलवान




