चंडीगढ़, 2 मई (आईएएनएस)। हरियाणा पुलिस ने भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) नेता राकेश टिकैत और 12 अन्य के खिलाफ निषेधाज्ञा के उल्लंघन के लिए मामला दर्ज किया है। अधिकारियों ने रविवार को यह जानकारी दी। टिकैत और अन्य नेताओं ने शनिवार को अंबाला छावनी के पास एक गांव में महापंचायत को संबोधित किया था। जिन अन्य किसान नेताओं पर मुकदमा दर्ज किया गया है, उनमें रतन मान सिंह, बलदेव सिंह और जसमेर सैनी शामिल हैं। महामारी को रोकने के लिए जिला मजिस्ट्रेट ने आपराधिक प्रक्रिया संहिता की धारा 144 लागू की है, जिसमें चार या अधिक व्यक्तियों के जमावड़े को रोकने का प्रावधान है। –आईएएनएस एकेके/आरजेएस




