नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। हैदराबाद के बेगमपेट एयरपोर्ट को एक अनजान ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस ई-मेल के आते ही एयरपोर्ट प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए तुरंत सुरक्षा बलों को तैनात किया गया।
CISF और TSPF ने शुरू की सघन तलाशी
सुरक्षा के लिहाज से CISF (सेंट्रल इंडस्ट्रियल सिक्योरिटी फोर्स) और TSPF (तेलंगाना स्पेशल प्रोटेक्शन फोर्स) ने एयरपोर्ट को खाली कराया और पूरे परिसर की सघन जांच शुरू की।
स्निफर डॉग्स, बम डिटेक्शन स्क्वॉड, और बम निरोधक विशेषज्ञों को भी मौके पर बुलाया गया है।
साइबर क्राइम टीम ने जांच शुरू की
साइबर क्राइम विभाग ने धमकी देने वाले ईमेल की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक, मेल भेजने वाले की पहचान की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि यह कोई शरारती हरकत (प्रैंक मेल) भी हो सकती है, लेकिन सुरक्षा के साथ कोई समझौता नहीं किया जा रहा।
लुफ्थांसा की फ्लाइट को भी मिली थी धमकी
इससे पहले भी जर्मनी से हैदराबाद आने वाली लुफ्थांसा फ्लाइट (LH752) को बम की धमकी मिली थी। इस कारण विमान को फ्रैंकफर्ट एयरपोर्ट पर वापस लौटना पड़ा, जिससे यात्रियों को करीब 20 घंटे की देरी का सामना करना पड़ा था। राजीव गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर लैंडिंग की अनुमति नहीं मिली थी। लगातार मिल रही धमकियों से साफ है कि हवाई अड्डों की सुरक्षा को लेकर बड़ी चुनौती खड़ी हो गई है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों ने तेजी से कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रण में रखा है। फिलहाल किसी तरह के विस्फोटक के मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। बेगमपेट एयरपोर्ट का घनी आबादी वाले इलाके में होना और हाल के विमान हादसे ने इस मुद्दे को और गंभीर बना दिया है. सवाल उठ रहे हैं कि क्या नियमों की अनदेखी कर उड़ान भर रहे ये निजी जेट शहर की सुरक्षा के लिए खतरा बन सकते हैं।





