नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली के निजामुद्दीन इलाके के जंगपुरा भोगल बाजार में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। बॉलीवुड एक्ट्रेस हुमा कुरैशी के चचेरे भाई आसिफ कुरैशी की हत्या कर दी गई। यह वारदात गुरुवार देर रात उस समय हुई जब आसिफ ने घर के सामने खड़ी स्कूटी को हटाने के लिए कहा था।
गाली-गलौज से शुरू हुआ झगड़ा, फिर हमला
मृतक की पत्नी सैनाज कुरैशी ने बताया कि उनके पति काम से लौटे थे और घर के सामने स्कूटी खड़ी देखी। उन्होंने पड़ोसी से उसे हटाने को कहा, लेकिन उस पर गाली-गलौज शुरू हो गई। इसके बाद दोनों आरोपी भाइयों उज्ज्वल 19 और गौतम 18 ने तेजधार हथियार से आसिफ पर हमला कर दिया।
अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम
घायल हालत में आसिफ को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है।
पहले भी हो चुका था झगड़ा, रिश्तेदारों ने जताई साजिश की आशंका
मृतक के रिश्तेदारों का आरोप है कि यह कोई पहली बार नहीं था। इससे पहले भी दो बार आसिफ के साथ पार्किंग को लेकर झगड़े हो चुके थे। उनके मुताबिक, यह हमला सोची-समझी साजिश का नतीजा है। पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों उज्ज्वल और गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस अब यह जांच कर रही है कि हत्या की पीछे सिर्फ पार्किंग विवाद था या कोई और रंजिश भी।
इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा, लोग डरे हुए
घटना के बाद इलाके में पुलिस की मौजूदगी बढ़ा दी गई है। स्थानीय लोग डरे और सहमे हुए हैं। कई लोगों ने बताया कि यहां पार्किंग को लेकर पहले भी कई बार झगड़े हो चुके हैं, लेकिन इतनी बड़ी घटना पहली बार हुई है।





