नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपने नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की तारीखों का औपचारिक ऐलान कर दिया है। पार्टी के केंद्रीय चुनाव अधिकारियों के अनुसार, 19 जनवरी से अध्यक्ष पद के लिए चुनाव प्रक्रिया शुरू होगी, जबकि 20 जनवरी को नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के नाम की आधिकारिक घोषणा कर दी जाएगी। मौजूदा राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नवीन का निर्विरोध चुना जाना लगभग तय माना जा रहा है। ऐसे में पार्टी संगठन को जल्द ही नया नेतृत्व मिलने वाला है, जिसे 2029 लोकसभा चुनावों की तैयारी की अहम जिम्मेदारी संभालनी होगी।
19 जनवरी को नामांकन, 20 को ताजपोशी की घोषणा
बीजेपी सूत्रों के मुताबिक, 19 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के लिए नामांकन पत्र दाखिल किए जाएंगे। यदि कोई अन्य उम्मीदवार सामने नहीं आता है, तो 20 जनवरी को नितिन नवीन के नाम पर मुहर लगना तय है। नामांकन के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और जेपी नड्डा प्रस्तावक के रूप में मौजूद रह सकते हैं। इस मौके पर पार्टी शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय परिषद के सदस्य भी दिल्ली में मौजूद रहेंगे।
सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने की ओर नितिन नबीन
46 वर्षीय नितिन नबीन यदि बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुने जाते हैं, तो वे पार्टी के इतिहास के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष होंगे। दिसंबर 2025 में कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने के बाद से ही उन्होंने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर खास ध्यान दिया है। संगठनात्मक बैठकों, राज्यों के दौरों और कार्यकर्ताओं से सीधे संवाद के जरिए उन्होंने अपनी सक्रिय भूमिका दर्ज कराई है। पार्टी के भीतर उन्हें एक ऊर्जावान और अनुशासित संगठनकर्ता के रूप में देखा जाता है।
जेपी नड्डा के बाद नई रणनीति की उम्मीद
नितिन नवीन का अध्यक्ष बनना जेपी नड्डा के लंबे कार्यकाल के बाद संगठन में बदलाव का संकेत माना जा रहा है। पार्टी नेतृत्व को उम्मीद है कि नवीन के नेतृत्व में संगठन नई रणनीति के साथ आगे बढ़ेगा। खासकर युवा मतदाताओं को जोड़ने, डिजिटल कैंपेन को मजबूत करने और जमीनी स्तर पर पार्टी की पकड़ और मजबूत करने पर फोकस रहेगा।
तीन साल का कार्यकाल, 2029 की तैयारी सबसे बड़ी चुनौती
नितिन नवीन का कार्यकाल तीन साल का होगा। इस दौरान उनके सामने कई बड़ी चुनौतियां होंगी, जिनमें आने वाले राज्य विधानसभा चुनाव, संगठनात्मक संतुलन और विपक्ष की रणनीतियों का मुकाबला करना शामिल है। हालांकि, उनका असली इम्तिहान 2029 लोकसभा चुनावों की तैयारी के दौरान माना जाएगा। पार्टी सूत्रों का कहना है कि शीर्ष नेतृत्व को नितिन नवीन पर पूरा भरोसा है और उन्हें बीजेपी को अगले चुनावी दौर के लिए तैयार करने की जिम्मेदारी सौंपी जा रही है।





