नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। तमिलनाडु के कल्लाकुरिची जिले में बुधवार को कथित जहरीली शराब पीने से 30 से ज्यादा लोगों की मौत हो गई। वहीं 100 से ज्यादा लोग अस्पताल में भर्ती हैं। इनमें से कुछ लोगों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि ये मौतें जहरीली शराब पीने की वजह से हुई हैं। वहीं जिला प्रशासन ने इस बात का खंडन किया है। वहीं इस मामले की निगरानी के लिए स्टालिन ने स्वास्थ्य मंत्री एम. सुब्रमण्यम सहित 3 वरिष्ठ मंत्रियों को कल्लाकुरिची भेजा है।
बीजेपी ने सीएम स्टालिन पर उठाये सवाल
इस मामले को लेकर अब राजनीति भी तेज हो गई है। तमिलनाडु बीजेपी अध्यक्ष अन्नामलाई ने सूबे के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन से इस्तीफे की मांग की है। इस संबंध में ट्वीट करते हुए तमिलनाडु बीजेपी चीफ अन्नामलाई ने कहा कि कल्लाकुरिची में नकली शराब के चलते 35 लोगों की मौत चौंकाने वाली और दर्दनाक है। हम बीजेपी कल्लाकुरिची जाकर मृतकों के परिजनों और अस्पताल में भर्ती लोगों के परिजनों से मिलकर अपनी संवेदना व्यक्त करेंगे।
22 जून को राज्यव्यापी प्रदर्शन करेगी बीजेपी
अन्नामलाई ने आगे कहा कि डीएमके के शासन में अवैध शराब पीने से पिछले दो सालों में लगभग 60 लोगों की मौत हो चुकी है। ये मौतें बता रही हैं कि तमिलनाडू 40 साल पीछे 1980 के दौर में जा चुका है। अन्नामलाई ने कहा कि डीएमके सरकार की निष्क्रियता की वजह से ये मौतें हुई है। इसलिए बीजेपी तमिलनाडु 22 जून को राज्यव्यापी प्रदर्शन करेगी।
पीएमके संस्थापक रामदास ने भी स्टालिन पर साधा निशाना
वहीं पट्टाली मक्कल काची (PMK) संस्थापक डॉ. एस. रामदास ने लोगों की मौत पर शोक व्यक्त करते हुए कहा कि स्टालिन के पास गृह विभाग है। वो इस प्रकार की घटनाओं को रोकने में विफल रहे हैं। उन्हें लोगों की मौत की जिम्मेदारी लेनी चाहिये। डॉ. रामदास ने राज्य सरकार से मांग की है कि पीड़ितों के परिवारों को 10-10 लाख रुपये की सहायता राशि दी जानी चाहिये।
इसके अलावा तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने भी शोक व्यक्त किया है। उन्होंने पीड़ितों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। वहीं राज्य के कानून व्यवस्था पर भी सवाल उठाये हैं।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:- www.raftaar.in





