नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। असम में एक चौंकाने वाली राजनीतिक घटना सामने आई है। भारतीय जनता पार्टी BJP के प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया ने राज्य के मंत्री जयंत मल्ला बरुआ को मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा की मौजूदगी में सार्वजनिक रूप से डांट लगा दी। इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो चुका है और राजनीतिक गलियारों में हलचल मचा दी है।
क्या है पूरा मामला?
यह घटना रविवार को नलबाड़ी जिले के बहजनी में हुई, जहां मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा शर्मा एक नए मंडल कार्यालय का उद्घाटन कर रहे थे। बताया जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष दिलीप सैकिया को कार्यक्रम स्थल पर शुरू में प्रवेश की अनुमति नहीं दी गई, जबकि मंत्री जयंत मल्ला बरुआ और अन्य पदाधिकारी पहले से अंदर मौजूद थे। इस बात से नाराज़ होकर सैकिया ने मंत्री बरुआ को कड़े शब्दों में फटकार लगाई और मंडल अध्यक्ष को मौके से हटाने का निर्देश भी दे दिया। यह पूरा दृश्य कैमरे में कैद हो गया और अब वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किया जा रहा है।
कांग्रेस ने साधा निशाना–”संघी राज बनाम सिंडिकेट राज”
वीडियो वायरल होने के बाद कांग्रेस ने इस मुद्दे को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा ने तंज कसते हुए कहा:”राम राम! असमिया नववर्ष के पहले ही महीने में विद्रोह शुरू… संघी राज बनाम सिंडिकेट राज! मुझे पहले से पता था कि बीजेपी के भीतर आरएसएस समर्थक और सिंडिकेट नेताओं में टकराव चल रहा है। अफसोस कि मीडिया इसे दिखाने से डरता है।
राजनीतिक गलियारों में हलचल
इस वीडियो के सामने आने के बाद न सिर्फ बीजेपी के अंदर की खींचतान उजागर हुई है, बल्कि विपक्ष को भी सरकार को घेरने का मौका मिल गया है। फिलहाल बीजेपी की ओर से इस विवाद पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है, लेकिन अंदरूनी कलह की चर्चा ज़ोर पकड़ रही है।





