नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क । ऑपरेशन सिंदूर का नेतृत्व करने वाली देश की बहादुर बेटी कर्नल सोफिया कुरैशी पर अभद्र और अमर्यादित बयान देकर मध्यप्रदेश भाजपा सरकार में कैबिनेट मंत्री विजय शाह बुरी तरह फंस गए है। विपक्षी दलों ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तो वहीं, जगह-जगह उनका पुतला दहन किया जा रहा है। कांग्रेस, आम आदमी पार्टी, बहुजन समाज पार्टी और AIMIM ने सरकार से मंत्री विजय शाह को पद से हटाने और पार्टी से बर्खास्त करने की मांग की है।
विजय शाह महिला अफसर को लेकर विवादित टिप्पणी करके वे कांग्रेस के निशाने पर आ गए हैं और कांग्रेस उन्हें पद से हटाने और पार्टी से बर्खास्त करने की मांग कर रही है। उनके खिलाफ पुलिस कार्रवाई और उन्हें अरेस्ट किए जाने की मांग भी कर रही है। आप ने भी बीजेपी मंत्री के बयान को अशोभनीय बताया। बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने भी तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। आइए जानते हैं कि नेताओं का क्या कहना है?
कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट का बयान
कांग्रेस महासचिव सचिन पायलट ने मंत्री के बयान को निंदनीय बताया। उन्होंने कहा कि भारत की सेना पर देश को गर्व है। कर्नल सोफिया कुरैशी को लेकर भाजपा नेता का बयान शर्मनाक है। एमपी बीजेपी के नेता को सार्वजनिक माफी मांगनी चाहिए। कश्मीर पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। सरकार को जल्द ही एक विशेष सत्र बुलाना चाहिए।
आप सांसद संजय सिंह क्या बोले?
आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी मंत्री के बयान को एक महिला अफसर का अपमान बताया है। उन्होंने कहा कि बीजेपी मंत्री विजय शाह ने सेना का अपमान किया है। भाजपा और नरेंद्र मोदी की पार्टी देश को कभी जोड़ नहीं सकती, बस तोड़ सकती है। बीजेपी के नेता भारत के एक बहादुर बेटी को पाकिस्तान के आतंकी की बहन कह रहे हैं और पीएम मोदी चुप क्यो हैं। उनको देश से माफी मांगनी चाहिए। मंत्री को अरेस्ट किया जाए और पार्टी से सस्पेंट किया जाए।





