नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । राजधानी जयपुर के रामगंज थाना क्षेत्र में हाल ही में कांवड़ यात्रा के दौरान दो पक्षों के बीच विवाद भड़क उठा, जो देखते ही देखते तोड़फोड़ और पथराव तक पहुंच गया। इस घटना के बाद हवामहल विधानसभा सीट से बीजेपी विधायक बालमुकुंद आचार्य रामगंज थाने पहुंचे, जहां उन्होंने कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग उठाई। हालांकि इस दौरान एक ऐसा दृश्य देखने को मिला जिसने नया विवाद खड़ा कर दिया।
दरअसल, थाने पहुंचे विधायक आचार्य खुद थानाधिकारी की कुर्सी पर जाकर बैठ गए, जबकि थाने के पुलिसकर्मी उनके सामने बैठते नजर आए। इस पूरे घटनाक्रम की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं, जिससे विधायक की भूमिका और पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांवड़ियों की सुरक्षा को लेकर थाने पहुंचे बालमुकुंद आचार्य
जयपुर की हवामहल सीट से विधायक बालमुकुंद आचार्य अक्सर किसी न किसी विवाद के कारण चर्चा में रहते हैं। अब एक और नया विवाद उनके साथ जुड़ गया है। जयपुर के रामगंज इलाके में दो समुदायों के बीच हुई झड़प और पथराव के बाद विधायक कांवड़ यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं की सुरक्षा की मांग को लेकर रामगंज थाने पहुंचे थे। थाने में उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की और कांवड़ियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की बात कही। हालांकि इसी दौरान एक ऐसा दृश्य सामने आया जिसने विवाद को जन्म दे दिया। विधायक थानाधिकारी की कुर्सी पर बैठे, जबकि पुलिसकर्मी उनके सामने वाली कुर्सियों पर बैठते नजर आए। यह तस्वीर अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है।
दो समुदायों की झड़प के बाद 7 लोग हिरासत में, बढ़ाई गई सुरक्षा
जयपुर के रामगंज थाना क्षेत्र में शनिवार देर रात दो समुदायों के बीच हुई झड़प के बाद इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से पथराव भी हुआ, जिससे स्थिति कुछ समय के लिए काफी बिगड़ गई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कार्रवाई की और दोनों समुदायों से सात लोगों को हिरासत में लिया है, जिनसे पूछताछ जारी है। हालात को काबू में करने के लिए पुलिस ने मौके पर मोर्चा संभाला और किसी भी तरह की दोबारा हिंसा को रोकने के लिए सख्त निगरानी की जा रही है। इस झड़प में कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ है, लेकिन एहतियात के तौर पर इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है।





