नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। लोकसभा चुनाव 2024 में BJP का उत्तर प्रदेश में प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा था। जिसको ध्यान में रखते हुए बीजेपी ने अब अपनी कमर कस ली है और प्रदेश में 9 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव में जीत हासिल करने के लिए तैयारी में जुटी हुई है। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, BJP ने लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में मिली बुरी हार के कारण का पता लगाकर यूपी की 9 विधानसभा सीटों पर जीत के लिए नई रणनीति बना ली है।
BJP का SC मोर्चा वंचित समाज के वोटरों को साधेगा
BJP का अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा पर वंचित समाज के वोटरों को साधेगा। BJP के अनुसूचित जाति मोर्चा ने इसके लिए वंचित समाज की 500 बस्तियों को चिन्हित भी कर लिया है। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, BJP के अनुसूचित जाति मोर्चा के सदस्य चिन्हित की गई सभी बस्तियों में जाकर पार्टी द्वारा उनके कल्याण के लिए चलाई जा रही केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं को लेकर उन्हें जागरूक करेंगे। इसके साथ ही मोर्चा के सदस्य उन्हें बीजेपी के पक्ष में वोट डालने के लिए प्रेरित करेंगे।
1 टीम में SC मोर्चा के 31 सदस्यों को शामिल किया गया है
मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर फूलपुर विधानसभा, कुंदरकी विधानसभा, ,कटेहरी विधानसभा, गाजियाबाद विधानसभा, खैर विधानसभा, करहल विधानसभा, सीसामऊ विधानसभा, मझवां विधानसभा और मीरापुर विधानसभा की सीटों पर अनुसूचित जाति मोर्चा ने वंचित समाज की 500 बस्तियों को चिन्हित किया हुआ है। BJP ने हर बस्ती में चुनाव प्रचार के लिए अनुसूचित जाति मोर्चा की 1-1 टीम का गठन किया है। 1 टीम में अनुसूचित जाति मोर्चा के 31 सदस्यों को शामिल किया गया है।
जानकारी के अनुसार, अभी तक अनुसूचित जाति मोर्चा की टीमें 48 बस्तियों में संपर्क अभियान चला चुकी है । बता दें कि BJP को लोकसभा चुनाव 2024 में संविधान बदलने व आरक्षण के मुद्दे को लेकर वंचित समाज के मतदाताओं की तरफ से बड़ा झटका लगा था। बाद में बीजेपी ने इसको विपक्ष का दुष्प्रचार बता कर अपने अनुसूचित जाति मोर्चा के सदस्यों के माध्यम से वंचित समाज के मतदाताओं को जागरूक करने के लिए उनकी बस्तियों में संपर्क अभियान भी चलाया था।





