नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने 20 फरवरी को अपना एक साल पूरा कर लिया। इस मौके पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने मरघट वाले हनुमान मंदिर में दर्शन कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य दिल्लीवासियों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि लाना है। प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि सरकार जनकल्याण के संकल्प के साथ आगे बढ़ती रहेगी और जनता की सेवा ही उनकी प्राथमिकता है।
किन वादों पर हुआ काम?
आयुष्मान भारत योजना दिल्ली में लागू कर दी गई है। लाखों कार्ड जारी किए जा चुके हैं और आयुष्मान आरोग्य मंदिर खोले गए हैं। अटल कैंटीन कई इलाकों में शुरू हो चुकी हैं, जहां 5 रुपये में भोजन मिल रहा है। 400 से ज्यादा किलोमीटर सड़कों के सुधार का काम शुरू हुआ है। 500 से अधिक इलेक्ट्रिक बसें सड़कों पर उतारी गई हैं। 2100 करोड़ रुपये की जल परियोजनाएं शुरू की गई हैं। दिल्ली जल बोर्ड की योजनाओं से पानी और सीवेज सिस्टम मजबूत होगा। होली और दिवाली पर फ्री सिलेंडर देने की योजना शुरू की गई है। डीबीटी के जरिए 853 रुपये सीधे खाते में भेजे जा रहे हैं। ‘लखपति बिटिया योजना’ की घोषणा की गई है, जिसके तहत बेटियों को पढ़ाई पूरी करने पर आर्थिक सहायता दी जाएगी।
किन वादों पर काम बाकी?
महिला समृद्धि योजना के तहत हर महीने ₹2,500 देने का वादा अभी लागू नहीं हुआ है। बजट आवंटन हुआ है, लेकिन क्रियान्वयन बाकी है। यमुना की सफाई पर काम जारी है, लेकिन अभी असर पूरी तरह दिखाई नहीं दे रहा। सरकार ने 2026 तक लक्ष्य रखा है। गाजीपुर, ओखला और भलस्वा लैंडफिल साइट्स पर बायो-माइनिंग चल रही है, लेकिन कूड़े के पहाड़ पूरी तरह खत्म नहीं हुए हैं। सर्दियों में इस साल भी दिल्ली की हवा खराब रही। सरकार ने क्लीन एयर मिशन की शुरुआत की है, लेकिन परिणाम आने में समय लगेगा। पहले साल में सरकार ने स्वास्थ्य, वेलफेयर और बुनियादी सुविधाओं पर तेज काम किया है। कई योजनाएं शुरू हो चुकी हैं, जबकि बड़े और लंबे समय वाले प्रोजेक्ट जैसे यमुना सफाई और प्रदूषण नियंत्रण अभी प्रक्रिया में हैं।





