bjp-delegation-met-election-commission-to-cancel-appointment-of-trinamool-administrators-in-municipalities
bjp-delegation-met-election-commission-to-cancel-appointment-of-trinamool-administrators-in-municipalities

नगर पालिकाओं में तृणमूल प्रशासकों की नियुक्ति रद्द कराने के लिए चुनाव आयोग से मिला भाजपा प्रतिनिधिमंडल

नई दिल्ली, 04 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के एक प्रतिनिधिमंडल ने पश्चिम बंगाल में राज्य विधानसभा चुनाव के सिलसिले में चुनाव आयोग में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। भाजपा का आरोप है कि तृणमूल कांग्रेस ने राज्य में नगर निगमों और नगर पालिकाओं का कार्यकाल एक वर्ष पूर्व खत्म होने के बाद भी वहां चुनाव नहीं कराए बल्कि इन संस्थाओं में अपने नेताओं की प्रशासक के रूप में नियुक्ति कर दी। भाजपा का कहना है कि यह संविधान और नगर निकाय संबंधी कानूनों का उल्लंघन है। चुनाव आयुक्त के साथ बैठक के बाद भाजपा महासचिव भूपेन्द्र यादव ने कहा कि पश्चिम बंगाल में करीब 125 नगर पालिकाएं हैं जहां प्रशासक के रूप में तृणमूल कांग्रेस के नेताओं की नियुक्ति की गई है। इन नगर पालिकाओं के क्षेत्र में दो करोड़ लोग रहते हैं। राज्य सरकार के फैसले से इतनी बड़ी आबादी में मताधिकार प्रभावित हो सकता है। भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग से यह भी शिकायत की कि राज्य में अनेक ऐसे अधिकारी चुनाव कार्यों में लगे हैं जिनका झुकाव तृणमूल कांग्रेस के पक्ष में है। पार्टी ने स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संपन्न कराने के लिए ऐसे अधिकारियों की तैनाती के संबंध में आवश्यक कार्यवाही करने की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान, पश्चिम बंगाल के प्रभारी कैलाश विजयवर्गीय और राज्य इकाई के वरिष्ठ नेता मुकुल रॉय शामिल थे। विजयवर्गीय ने मीडिया से बातचीत करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर चुनाव में धांधली करने की योजना बनाने का आरोप लगाया। पिछले दिनों हुबली में जिस स्थान पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की रैली हुई थी, वहीं कुछ समय बाद ममता बनर्जी ने एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि अब ‘खेला होबे (अब खेल होगा)।’ विजयवर्गीय ने पूछा कि ‘खेला होबे’ से ममता बनर्जी का क्या तात्पर्य़ है। क्या वह मतदान केंद्रों पर कब्जा करने और धांधली की योजना बना रही हैं। हिन्दुस्थान समाचार/अजीत

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in