नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। लोकसभा चुनाव के समाप्त होने के साथ विधानसभा के उपचुनाव की घोषणा कर दी गई है। अब इसके लिए पार्टियों ने अपने उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। भाजपा ने पंजाब और पश्चिम बंगाल में होने वाले विधानसभा उपचुनाव के लिए उम्मीदवारों के नाम की घोषणा कर दी है। इसके साथ आज कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की चार विधानसभा सीटों के लिए अपने प्रत्याशियों का एलान कर दिया है।
भाजपा ने पंजाब और पश्चिम बंगाल में उतारे प्रत्याशी
जहां एक तरफ भाजपा ने पंजाब की जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट से शीलत अंगुराल को चुनावी मैदान में उतारा है। और पश्चिम बंगाल की रायगंज सीट पर मानस कुमार घोष, राणाघाट दक्षिण पर मनोज कुमार बिस्वास, बगदा सीट पर बिनय कुमार बिस्वास और मानिकताला सीट पर कल्याण चौबे को विधानसभा के उपचुनाव में अपना प्रत्याशी बनाया है।
कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड सीट पर उतारे प्रत्याशी
तो वहीं कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की चार विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों का एलान कर दिया है। पार्टी ने हिमाचल प्रदेश विधानसभा उपचुनाव में हमीरपुर सीट से डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा को और नालागढ़ सीट से हरदीप सिंह बावा को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं उत्तराखंड के बद्रीनाथ सीट से कांग्रेस ने लखपत बुटोला को टिकट दिया है। तो वहीं मंगलौर निर्वाचन क्षेत्र से काजी निजामुद्दीन को अपना उम्मीदवार बनाया है।
13 जुलाई होगी मतों की गणना
गौरतलब है कि इन विधानसभा सीटों पर 10 जुलाई को मतदान होना है। इसके लिए शुक्रवार को उपचुनाव की अधिसूचना जारी हुई थी। अब यहां नामांकन प्रक्रिया भी शुरू हो गई है। नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 21 जून है। नामांकन वापस लेने की अंतिम तिथि 26 जून है। मतों की गिनती 13 जुलाई को की जानी है।
अन्य खबरों के लिए क्लिक करें:-www.raftaar.in





