हरियाणा में पांच लाख पौधे लगाएगी भाजपा
- रक्षाबंधन पर रक्षा सूत्र बांधकर होगी म्हारा हरियाणा-हरा-भरा हरियाणा मिशन की शुरुआत चंडीगढ़, 26 जुलाई (हि.स.)। हरियाणा में हरियाली को बढ़ाने के लिए सरकार ने पांच साल में 20 प्रतिशत भूमि वन क्षेत्र बढ़ाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इसलिए लक्ष्य को पूरा करने के लिए पहले चरण में सरकार की ओर से 1100 पंचातयों को जोड़ा है और तकरीबन 1.25 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। लिहाजा सरकार की इस मुहिम के साथ भाजपा ने भी कदम बढ़ाया है। भाजपा की ओर से प्रदेश भर में 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। भाजपा कार्यकर्ता इस लक्ष्य को 12 दिन में पूरा करेंगे। शहर से लेकर गांव और बूथ स्तर तक म्हारा हरियाणा-हराभरा हरियाणा मिशन के तहत पर्यावरण को स्वच्छ रखा जाएगा। लाडवा के पूर्व विधायक डॉ. पवन सैनी को म्हारा-हरियाणा-हराभरा हरियाणा का प्रदेश संयोजक नियुक्त किया गया है। 3 अगस्त को प्रदेश भर में रक्षाबंधन के पावन पर्व पर पौधरोपण अभियान की शुरुआत की जाएगी। यह अभियान 16 अगस्त तक पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अलट बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि तक चलेगा। अभियान के अंतर्गत 3 अगस्त को प्रत्येक मंडल में कम से कम 100 पौधे लगाकर उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर कार्यकर्ता उनकी सुरक्षा करने का प्रण लेंगे। इसके बाद सेल्फी विद ट्री अभियान चलाया जाएगा, जिसके तहत कार्यकर्ता को पौधे के साथ सेल्फी लेकर फेसबुक, ट्वीटर, इंस्टाग्राम व सोशल मीडिया पर पोस्ट करेगा। मंडल स्तर पर बाकायदा इन छायाचित्रों की एलबम तैयार की जाएगी। इस अभियान के तहत प्रत्येक मंडल में कम से कम 1500 और बूथ पर 25 पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। पार्टी के सभी मोर्चा व प्रकोष्ठ के पदाधिकारियों से लेकर कार्यकर्ता भी जुड़ेंगे। अभियान को गति देने के लिए पार्टी के सांसद, विधायक, पूर्व सांसद, पूर्व विधायक, चेयरमैन, वाइस चेयरमैन, जिला पार्षद, पंचायत समिति सदस्य, नगर पार्षद, सरपंच और पंच अहम भूमिका अदा करेंगे। यही नहीं मंडल स्तर पर पौधे वितरण का कार्यक्रम भी आयोजित किया जाना है। अभियान की समाप्ति 16 अगस्त को भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर होगी। इस दिन प्रत्येक गांवों, शहर व वार्ड में त्रिवेणी लगाई जाएगी। म्हारा हरियाणा-हराभरा हरियाणा के प्रदेश संयोजक डॉ. पवन सैनी का कहना है कि पार्टी की ओर से प्रदेश को हरा-भरा रखने की जो जिम्मेवारी सौंपी गई है, उसको पूरी निष्ठा साथ निभाया जाएगा। अभियान को सफल बनाने के लिए प्रदेश की हर विधानसभा से लेकर गांव व शहर का दौरा कर कार्यकर्ताओं को वृक्षारोपण अभियान के साथ जोड़ा जाएगा। हिन्दुस्थान समाचार/वेदपाल/सुनीत-hindusthansamachar.in