नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। BJD की सांसद सुलता देव को सोशल मीडिया पर एक शख्स ने बलात्कार और जान से मारने की धमकी दी। सांसद ने इन धमकी भरे मैसेज के स्क्रीनशॉट्स साझा किए, जिनकी पहचान महिंद्रा ग्रुप के स्टाफ सत्यब्रत नायक के तौर पर हुई। बताया जा रहा है कि वह महिंद्रा ग्रुप की नासिक ब्रांच में काम करता है और बीजेपी का कार्यकर्ता भी है। सांसद ने लिखा,डियर पीएमओ इंडिया, महिंद्रा ग्रुप नासिक का एक स्टाफ, जो बीजेपी का कार्यकर्ता भी है, उसने खुलेआम बलात्कार और जान से मारने की धमकी दी है। अगर एक सांसद को ऐसी धमकियां मिल रही हैं तो आप अंदाजा लगा सकते हैं कि ओडिशा में आम महिलाओं की स्थिति कैसी होगी।
महिंद्रा ग्रुप की सख्त प्रतिक्रिया
इस घटना पर महिंद्रा ग्रुप ने बयान जारी करते हुए कहा कि कंपनी की हमेशा से जीरो टॉलरेंस पॉलिसी रही है। किसी भी तरह की अभद्रता, धमकी या हिंसक व्यवहार बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कंपनी ने कहा हमने इस मामले को गंभीरता से लिया है। तुरंत जांच शुरू कर दी गई है। अगर आरोपी दोषी पाया गया तो कंपनी के कोड ऑफ कंडक्ट के तहत उस पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
दोषी साबित होने पर होगी कड़ी कार्यवाई
धमकी देने वाला शख्स एक प्राइवेट कंपनी का कर्मचारी होने के बावजूद सांसद को निशाना बना रहा था। वह खुद को बीजेपी कार्यकर्ता बताता है, जिससे मामले का राजनीतिक रंग भी गहराता दिख रहा है। सांसद ने सीधे पीएमओ को टैग करके कार्रवाई की मांग की। अब पूरा मामला महिंद्रा ग्रुप की आंतरिक जांच के अधीन है। अगर सत्यब्रत नायक को दोषी पाया गया, तो उसके खिलाफ नौकरी से बर्खास्तगी सहित कड़ी कानूनी कार्रवाई भी हो सकती है। यह घटना सोशल मीडिया पर बड़ी बहस का कारण बनी हुई है कि आखिर एक सांसद को अगर ऐसी धमकियां मिल रही हैं, तो आम महिलाओं की सुरक्षा का क्या हाल होगा।





