bihar-songs-of-chhath-echoed-in-chief-minister39s-residence-chhath-is-not-being-celebrated-in-rabri-residence
bihar-songs-of-chhath-echoed-in-chief-minister39s-residence-chhath-is-not-being-celebrated-in-rabri-residence

बिहार: मुख्यमंत्री आवास में गूंजे छठ के गीत, राबड़ी आवास में नहीं मन रहा छठ

पटना, 9 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार में आम से लेकर खास तक लोकआस्था के महापर्व में जुटा है। राज्य के चहुंओर कर्णप्रिय छठ के गीत गूंज रहे हैं। ऐसे में नेता से लेकर अधिकारी तक भक्ति में डूबे हैं। इस साल एक अणे मार्ग स्थित मुख्यमंत्री आवास पर दठ के गीत गूंज रहे हैं, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी आवास में इस साल छठ पर्व नहीं मनाया जा रहा है। मुख्यमंत्री आवास में इस साल छठ पर्व मनाया जा रहा है। जदयू के एक नेता ने बताया कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी नीतीश कुमार की भाभी छठ पर्व कर रही हैं। इस मौके पर परिवार के अन्य सदस्य भी यहां छठ पर्व में शामिल हो रहे हैं। इधर, पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद की तबियत खराब होने के कारण पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी का आवास इस छठ पर्व पर सूना है। राबड़ी आवास पर इस साल छठ के गीत नहीं गूंज रहे हैं। कहा जा रहा है कि लालू प्रसाद और राबड़ी देवी दिल्ली में हैं। पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी गया के अपने गांव महकार में छठ मैया की अराधना करेंगे। मांझी के परिजनों के मुताबिक, मंत्री संतोष मांझी की पत्नी दीपा मांझी सहित पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी की तीनों बहुएं इस साल छठ पर्व कर रही हैं। इधर, उपमुख्यमंत्री रेणु देवी अपने पैतृक आवास बेतिया में छठ पर्व कर रही हैं, जबकि उपमुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद कटिहार में छठ पर्व के मौके पर लोगों के बीच उपस्थित रहेंगे। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल अपने पैतृक आवास बेतिया में परिजनों के साथ छठ पर्व मनाएंगे। बताया जा रहा है कि जायसवाल की पत्नी छठ पर्व कर रही हैं। कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मदन मोहन झा की पत्नी भी इस साल अपने पैतृक आवास दरभंगा के मनिगाछी में छठ पर्व कर रही हैं। --आईएएनएस एमएनपी/एएनएम

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in