नई दिल्ली/ रफतार डेस्क/ बिहार के नवादा जिले के नारदीगंज अनुमंडल के कहुड़ा गांव में एक अनोखा साइबर फ्रॉड का मामला सामने आया है। ये तीनों ‘ऑल इंडिया प्रेग्नेंट जॉब सर्विस’ के नाम पर लोगों को अपने झांसे में लेते थे, उन्हें पैसों का लालच देते थे और पैसे ऐंठते थे।
कैसे करते थे ठगी?
इस गिरोह के लोग ऑल इंडिया प्रेग्नेंट सर्विस के नाम से लोगों से ठगी कर रहे थे। ये लोग बेरोजगार पुरुषों को अपने झांसे में लेते थे। उनसे कहते थे कि उन्हें निसंतान महिलाओं को प्रेग्नेंट करना है, बदले में उन्हें 10 लाख रुपये मिलेंगे। ये उनसे ये भी कहते थे कि कोशिश विफल होने पर भी उन्हें 50 हजार से पांच लाख रुपये तक मिलेंगे।
सोशल मीडिया पर चलाते थे विज्ञापन
पुलिस के अनुसार, ये ठग फेसबुक पर विज्ञापन डालते थे। विज्ञापन देखकर लोग इन्हें कॉल करते थे। फिर ये ठग रजिस्ट्रेशन के नाम पर लोगों से उनका पैन कार्ड, आधार कार्ड और सेल्फी मंगवाते थे। इसके बाद होटल बुकिंग और अन्य खर्चों के नाम पर पैसे ठगते थे। रजिस्ट्रेशन के नाम पर ये ठग लोगों से 500 रुपये जमा करवाते थे। वहीं, होटल बुकिंग के नाम पर ये लोगों से 20 हजार रुपये तक ले लेते थे।
तीन आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनके नाम प्रिंस राज, भोला कुमार और राहुल कुमार हैं। पुलिस ने इनके पास से छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इन मोबाइल्स में व्हाट्सएप चैट, ग्राहकों की फोटो, ऑडियो रिकॉर्डिंग और बैंक ट्रांजेक्शन की जानकारी मिली है।
पुलिस का बयान
नवादा के डीएसपी इमरान परवेज ने कहा कि छापेमारी में 3 साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है.और पकड़े गए साइबर ठग पिछले कई सालों से ठगी के धंधे में लगे हुए है। तो वही पुलिस इस गैंग का पूरा नेटवर्क खंगालने में लग गई है। इनके पास से बरामद मोबाइल फोन की जांच हो रही है।





