नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । बिहार में एनडीए की नई सरकार बनने के बाद विपक्ष लगातार यह आरोप लगा रहा है कि बीजेपी मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को हटा सकती है। इस पर राज्य सरकार के मंत्री नितिन नबीन ने प्रतिक्रिया दी। जब उनसे पूछा गया कि कहा जा रहा है बीजेपी अब कमांडिंग पोजिशन में आ रही है और सीएम को भी हटा सकती है, तो उन्होंने कहा कि विपक्ष यह सब कहता रहे, अनर्गल प्रलाप करता रहे। हमें काम करने का मौका मिला है और हम काम करेंगे। पहले भी विपक्ष केवल बातें करता था और आज भी वही कर रहा है। नबीन ने कहा, “विपक्ष को काम से कोई लेना-देना नहीं है। उन्हें अपनी भूमिका सकारात्मक तरीके से निभानी चाहिए। मुद्दा न मिलने पर वे ऐसी बातें कर रहे हैं।”
”पीएम और सीएम के विजन पर केंद्रित रहेगा एनडीए का शासन”
मंत्री नितिन नबीन ने कहा “जनता ने एनडीए को सरकार बनाने का मौका दिया है और अब एनडीए विकास योजनाओं पर फोकस करेगा। हमने जो संकल्प लिया है, उसे पूरा करने का प्रयास करेंगे। पीएम नरेंद्र मोदी और सीएम नीतीश कुमार के विजन के अनुसार बिहार को कैसे विकसित बनाया जाए, हम इस पर काम करेंगे।”
मौलाना अरशद मदनी के बयान पर दी कड़ी प्रतिक्रिया
बिहार के मंत्री नितिन नबीन ने जमीयत उलेमा-ए-हिंद के अध्यक्ष मौलाना अरशद मदनी के बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि भारत ही वह देश है जहां विभिन्न धर्मों के लोग शांति से साथ रहते हैं और इसे बाधित करने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा “कुछ लोग देश में अलगाव फैलाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन हम इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे।” गौरतलब है कि मौलाना अरशद मदनी ने भारत में मुसलमानों के साथ भेदभाव का आरोप लगाते हुए कहा था कि सरकार ऐसी नीतियां लागू कर रही है जिससे मुसलमानों की स्थिति कमजोर बनी रहे।





