नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। जम्मू–कश्मीर के उधमपुर जिले के बसंतगढ़ इलाके में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली है। सेना ने जम्मू-कश्मीर पुलिस और सीआरपीएफ के साथ मिलकर आतंकी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के दो आतंकियों को मार गिराया है। इस ऑपरेशन में आतंकियों के छिपने की गुफा को भी धमाके से उड़ा दिया गया। यह संयुक्त आतंकवाद विरोधी ऑपरेशन मंगलवार, 3 फरवरी से चल रहा था। सेना के प्रवक्ता के अनुसार, जम्मू-कश्मीर पुलिस से मिले पुख्ता खुफिया इनपुट के आधार पर जोफर जंगल क्षेत्र में यह कार्रवाई की गई। सुरक्षाबलों ने इलाके की पूरी घेराबंदी कर ली थी, ताकि आतंकी भाग न सकें।
सटीक योजना और मजबूत घेराबंदी
सेना ने बताया कि ऑपरेशन को पूरी योजना और आपसी तालमेल के साथ अंजाम दिया गया। इलाके में प्रभावी नियंत्रण बनाए रखा गया और एक सुनियोजित कार्रवाई के बाद दोनों आतंकियों को ढेर कर दिया गया। इस दौरान सुरक्षाबलों के बीच बेहतरीन समन्वय और रणनीतिक सटीकता देखने को मिली। सूत्रों के मुताबिक, मारे गए आतंकियों में से एक जैश–ए–मोहम्मद का टॉप पाकिस्तानी कमांडर मावी उर्फ माविया था, जो लंबे समय से इस इलाके में सक्रिय था। दूसरा आतंकी उस्मान उर्फ निक्कू था। दोनों आतंकियों की तलाश सुरक्षाबलों को काफी समय से थी।
गुफा में छिपे थे आतंकी
जानकारी के अनुसार, ये आतंकी बसंतगढ़ के घने जंगलों में भटक रहे थे। जब सुरक्षाबलों ने उन्हें घेरा, तो वे एक गहरी गुफा में जा छिपे। इसके बाद बुधवार को सुरक्षाबलों ने गुफा को धमाके से उड़ा दिया, जिससे दोनों आतंकियों का अंत हो गया। इस सफल ऑपरेशन के बाद इलाके में सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली है। सुरक्षाबलों का कहना है कि क्षेत्र में शांति बनाए रखने के लिए सर्च ऑपरेशन और निगरानी आगे भी जारी रहेगी।





