नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। महाराष्ट्र की राजनीति के बड़े नेता बाबा सिद्दीकी के हत्यारों को लेकर मुंबई पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार मुंबई पुलिस के अधिकारियों ने जानकारी दी है कि बाबा सिद्दीकी की हत्या की प्लानिंग पुणे में 3 महीने पहले ही शुरू हो गई थी। हत्यारों ने इस हत्याकांड को अंजाम देने के लिए यूट्यूब से गोली चलाना सीखा था। ये Snapchat और Instagram के जरिए ही आपस में बाते किया करते थे। मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम बाबा सिद्दीकी की हत्या के मामले में 4 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। चारों हत्यारों को 21 अक्टूबर 2024 तक पुलिस हिरासत में रखा हुआ है।
हत्या को अंजाम देने के लिए यूट्यूब से गोली चलाना सीखा था
12 अक्टूबर 2024 को एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी की गोली मरकर हत्या कर दी गई थी, इस हत्या को शूटरों गुरमेल सिंह और धर्मराज कश्यप ने छह राउंड फायर करके अंजाम दिया था। जिसके बाद अस्पताल ले जाते वक्त ही बाबा सिद्दीकी की मौत हो गई थी। मुंबई पुलिस ने फायरिंग के कुछ घंटों बाद ही दोनों शूटरों गुरमेल सिंह और धर्मराज कश्यप को गिरफ्तार कर लिया था। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार अब पुलिस यह जानने का प्रयास कर रही है कि ये लोग किस जगह पर अभ्यास करते थे, लेकिन अभी तक पुलिस को जो जानकारी मिली है, उसके अनुसार दोनों शूटर यूट्यूब पर शूटिंग की प्रैक्टिस किया करते थे।
प्रवीण शुभम का भाई है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का आदमी है
मुंबई पुलिस के अनुसार एनसीपी नेता बाबा सिद्दीकी हत्याकांड को लेकर अब तक 15 से ज्यादा लोगों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। मुंबई पुलिस ने आज 16 अक्टूबर 2024 को बाबा सिद्दीकी की हत्या के एक और आरोपी हरीश कुमार निषाद को गिरफ्तार किया है। मुंबई पुलिस की इस मामले में यह चौथी गिरफ्तारी है। मीडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार पुलिस का कहना है कि हरीश कुमार निषाद ने ही आरोपियों के लिए पैसे और हथियार मुहैया करवाए थे। मुंबई पुलिस ने इससे पहले पुणे से साजिशकर्ता प्रवीण लोनकर को गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि प्रवीण लोनकर शुभम का भाई है, जो लॉरेंस बिश्नोई गैंग का आदमी है।
मुंबई पुलिस के अनुसार प्रवीण लोनकर और शुभम लोनकर ने ही शूटरों गुरमेल सिंह और धर्मराज कश्यप को 2 लाख रुपये दिए थे, जिसको उन्होंने चौथे आरोपी हरीश कुमार निषाद के जरिए भेजा था। वहीं बाबा सिद्दीकी हत्याकांड में शामिल तीसरा संदिग्ध शूटर शिवा गौतम अभी पुलिस की गिरफ्त में नहीं आ पाया है। मुंबई पुलिस उसकी तलाश में लगी हुई है।





