नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। दिल्ली में महिलाओं को 2500 रुपये देने के वादे को लेकर आम आदमी पार्टी AAP की नेता और नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को पत्र लिखा है। उन्होंने पीएम मोदी के चुनावी वादे की याद दिलाते हुए कहा कि अब 8 मार्च बस एक दिन दूर है, महिलाओं को उनके खाते में पैसे आने चाहिए।
आतिशी ने पूछा – ‘8 मार्च याद है न?’
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता को एक बार फिर चिट्ठी लिखी है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चुनाव प्रचार के दौरान महिलाओं से यह वादा किया था कि भाजपा सरकार बनने पर पहली कैबिनेट बैठक में महिलाओं को 2500 रुपये प्रतिमाह देने की योजना पास की जाएगी। उन्होंने चिट्ठी में लिखा, “मुझे उम्मीद है कि 8 मार्च को दिल्ली की महिलाओं के मोबाइल में 2500 रुपये आने का मैसेज जरूर आएगा।”
[EMBED]
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने दिल्ली की महिलाओं को वादा किया था कि 8 मार्च को ₹2500 उनके खाते में पहुँच जायेंगे।
बस एक दिन बाक़ी है…
दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता जी को पत्र लिख कर उम्मीद जताई है कि कल दिल्ली की सब महिलाओं के खाते में ₹2500 ज़रूर आयेंगे। pic.twitter.com/3dCRb5RZwV
— Atishi (@AtishiAAP) March 7, 2025
‘वादे पूरे करने होंगे’ – भाजपा पर साधा निशाना
आतिशी ने भाजपा को घेरते हुए कहा कि “दिल्ली की जनता ने आम आदमी पार्टी को मजबूत विपक्ष की जिम्मेदारी दी है। बीजेपी ने जो वादा किया था, उसे पूरा करना होगा। जनता इसे जुमला साबित नहीं होने देगी। उन्होंने कहा कि 20 फरवरी को बीजेपी सरकार की पहली कैबिनेट बैठक हुई थी, लेकिन उसमें महिलाओं के लिए 2500 रुपये की योजना को मंजूरी नहीं दी गई।
दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिली थी बड़ी जीत
दिल्ली में इस बार के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 27 साल बाद पूर्ण बहुमत हासिल किया। पार्टी ने 48 सीटों पर जीत दर्ज की, जबकि आम आदमी पार्टी को 22 सीटें मिलीं। बीजेपी की सरकार बनने के बाद मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व में कई योजनाओं की घोषणा की गई, लेकिन महिला समृद्धि योजना को लेकर अब तक कोई स्पष्टता नहीं आई है। अब देखना होगा कि 8 मार्च को महिलाओं को वादा किया गया पैसा मिलेगा या नहीं, या फिर आम आदमी पार्टी इस मुद्दे पर भाजपा सरकार को घेरती रहेगी।




