assam-elections-congress-workers-angry-over-ticket-distribution-in-front-of-in-charge
assam-elections-congress-workers-angry-over-ticket-distribution-in-front-of-in-charge

असम चुनावः टिकट बंटवारे से नाराज कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रभारी के सामने की मारपीट

गुवाहाटी, 07 मार्च (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव के मद्देनजर विपक्षी पार्टी कांग्रेस में टिकट बंटवारे से नाराज कार्यकर्ता में लगातार घमासान जारी है। इस बीच रविवार की रात गुवाहाटी में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के सामने ही कार्यकर्ता आपस में भिड़ गए, यही नहीं कुछ कार्यकर्ताओं में जमकर मारपीट भी हुई जिसमें कई कार्यकर्ताओं के घायल होने की जानकारी मिली है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं असम प्रभारी जितेन्द्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष रिपुन बोरा, सांसद गौरव गोगोई, पूर्व मंत्री रकीबुल हुसैन के सामने कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर मारपीट की। यह घटना तब हुई जब गुवाहाटी के सोनापुर स्थित स्प्रिंग वैली रिसॉर्ट के कांफ्रेंस हॉल में चुनाव को लेकर पार्टी की एक अहम बैठक चल रही थी। बैठक स्थल पर लगभग 600 से अधिक कांग्रेसी कार्यकर्ता पहुंचे थे। कांग्रेस महागठबंधन के तहत टिकट बंटवारे से नाराज कांग्रेसी कार्यकर्ताओं ने बैठक के दौरान ही आपस में मारपीट करने लगे। वहीं, खबर मिलते ही मौके पर पहुंची सोनापुर पुलिस की टीम के साथ भी कांग्रेसी कार्यकर्ताओं द्वारा मारपीट किये जाने की खबर है। हालांकि स्प्रिंग वैली रिसॉर्ट के सुरक्षा गार्ड और पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद परिस्थिति को नियंत्रित किया। मारपीट के दौरान कई कांग्रेसी कार्यकर्ताओं के घायल होने की भी खबर सामने आई है। हालांकि, घटना के संबंध में स्प्रिंग वैली रिसॉर्ट और कांग्रेस के नेता कुछ भी बताने से फिलहाल इनकार कर रहे हैं। जानकारों की मानें तो दोपहर से ही मीटिंग चल रही थी। रात के समय बैठक में कांग्रेसी कार्यकर्ता आपस में ही भिड़ गए। हिन्दुस्थान समाचार/ अरविंद

Related Stories

No stories found.
Raftaar | रफ्तार
raftaar.in