नई दिल्ली, रफ्तार डेस्क। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल आज लेफ्टीनेंट गवर्नर से मिलकर अपना इस्तीफा देंगे। वहीं दूसरी ओर विधायक दल की बैठक के बाद नए मुख्यमंत्री के नाम पर मुहर लगाई जाएगी। सोमवार को PAC की बैठक हुई। इस बैठक में सभी नेताओं से वन टू वन चर्चा की गई। इस बैठक में पार्टी के सभी नेता मौजूद रहे।
PAC की बैठक के सदस्य
PAC सदस्यों में अरविंद केजरीवाल, मनीष ससोदिया, संजय शर्मा, दुर्गेश पाठक, अतिशी, गोपाल राय, इमरान हुसैन, राघव चड्ढा, राखी बिड़लान, पंकज गुप्ता, एनडी गुप्ता हैं। आम आदमी पार्टी के विधायक दल की बैठक सुबह 11:30 बजे होगी। इस बैठक में नए मुख्यमंत्री ने नाम पर मुहर लगेगी।
केजरीवाल ने कहा था कि जनता की अदालत में जाएंगे
सूत्रों के मुताबिक अरविंद केजरीवाल इस्तीफे के साथ ही LG को विधायक दल के नेता का नाम और समर्थन की चिट्ठी देंगे। दरअसल, केजरीवाल ने ऐलान किया था कि वह दो दिन बाद दिल्ली के मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देकर जनता की अदालत में जाएंगे। उन्होंने कहा था कि जब तक दिल्ली की जनता उनकी ईमानदारी पर अपने वोट की मुहर नहीं लगाती वह सीएम की कुर्सी पर नहीं बैठेंगे। इसी बीच ऐसी अटकलें लगाई जा रही हैं कि आतिशी, गोपाल राय, कैलाश गहलोत में से किसी एक को सीएम की जिम्मेदारी दी जा सकती है।
AAP में सिर्फ केजरीवाल हैं: संदीप दीक्षित
इसी बीच कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित ने कहा, ‘जब किसी राजनीतिक दल में सत्ता परिवर्तन होता है, नेतृत्व परिवर्तन होता है तो राजनीतिक फैसले लिए जाते हैं। फैसला इस हिसाब से लिया जाता है कि कौन बड़ा नेता है, जनता के बीच किसका प्रभाव है।
आम आदमी पार्टी में सिर्फ केजरीवाल हैं, बाकी लोग घरेलू नौकरों की तरह हैं। यह सत्ता का हस्तांतरण नहीं है, बल्कि एक व्यापारिक कंपनी के शेयरों का हस्तांतरण है, आम आदमी पार्टी एक व्यापारिक कंपनी है।’
विधायक दल की बैठक में अगले सीएम के नाम पर लगेगी मुहर
मंत्री सौरभ भारद्वाज ने कहा, विधायक दल की बैठक होगी और उसमें नेता चुना जाएगा। इसके बाद विधायक दल के नेता उपराज्यपाल के सामने सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे और इसके बाद वह शपथ लेंगे।
वॉट्सऐप पर भी जुड़ें हमारे साथ, जॉइन करें Raftaar News | WhatsApp Channe





