नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। आज 11 फरवरी को अरविंद केजरीवाल ने पंजाब की पूरी सरकार को दिल्ली दरबार में बैठक के लिए बुलाया था। कपूरथला हाउस में यह बैठक हुई। इस बैठक में पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और उनके साथ 94 विधायक पहुंचे। बैठक पूरी होने के बाद अरविंद केजरीवाल ने तो मीडिया से बात नहीं की लेकिन भगवंत मान ने बैठक में हुई बात की थोड़ी जानकारी मीडिया के साथ साझा की। इस दौरान उनसे कांग्रेस नेता प्रताप सिंह बाजवा के उस दावे के बारे में भी पूछा गया जिसमें वह कह रहे थे कि पंजाब के सीएम जल्द ही आम आदमी पार्टी छोड़ सकते हैं।
पौने 3 साल के बाजवा यही बोल रहे हैं- सीएम मान
पंजाब के सीएम ने कहा कि पंजाब सरकार जनहित में काम कर रही है। हम अपने काम से पंजाब को मॉडल स्टेट बनाएंगे। अब दिल्ली की टीम के तजुर्बे को पंजाब में भी इस्तेमाल किया जाएगा। जब मीडियाकर्मी ने भगवंत मान से पूछा कि प्रताप सिंह बाजवा यह दावा कर रहे हैं कि भगवंत मान जल्द ही आम आदमी पार्टी छोड़ देंगे। इसके जवाब में उन्होंने कहा कि उन्हें बोलने दो वो पौने 3 साल से यही बोल रहे हैं। उनके पास बोलने के लिए कुछ नया नहीं है। उनसे कहिए कि वे दिल्ली में अपने विधायकों की संख्या गिन लें।
AAP के 30 विधायकों के कांग्रेस से संपर्क में होने का दावा
कांग्रेस नेता और पंजाब में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने एक ऐसा सनसनीखेज दावा किया जिसके बाद आम आदमी पार्टी की पंजाब यूनिट में हड़कंप मच गया। बाजवा ने दावा किया कि पिछले एक साल से आम आदमी पार्टी के 30 विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। वह तीस विधायक पार्टी बदलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं। इस दावे के बाद ही आज अरविंद केजरीवाल ने पूरी पंजाब सरकार की एक बैठक कपूरथला हाउस में बुलाई थी।





