नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । कथावाचक अनिरुद्धाचार्य इन दिनों अपने एक विवादित बयान को लेकर विवादों में घिर गए हैं, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर 14 साल की लड़कियों की शादी की बात कही थी। इस बयान के बाद देश के कई हिस्सों में महिलाओं ने विरोध प्रदर्शन करते हुए उनका पुतला फूंका और बयान की निंदा की। अब इस पूरे मामले पर अनिरुद्धाचार्य ने सफाई दी है।
उन्होंने कहा है कि, “मेरे बयान को तोड़-मरोड़ कर पेश किया गया है। मैंने सभी लड़कियों के लिए ऐसा कुछ नहीं कहा। वीडियो के साथ छेड़छाड़ की गई है।” उन्होंने यह भी दावा किया कि उनका बयान संदर्भ से हटाकर वायरल किया गया, जिससे गलतफहमी और विवाद पैदा हुआ।
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य ने दी सफाई
कथावाचक अनिरुद्धाचार्य इन दिनों 14 साल की लड़कियों की शादी को लेकर दिए गए कथित बयान पर घिरते नजर आ रहे हैं। उनके बयान के बाद कई स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुए और महिलाओं ने नाराजगी जताई। इस पूरे विवाद पर अनिरुद्धाचार्य ने प्रतिक्रिया देते हुए सफाई दी है। उन्होंने कहा, “मैंने सभी लड़कियों के लिए ऐसा नहीं कहा था, मेरा बयान कुछ खास परिस्थितियों और कुछ लड़कियों को लेकर था।” उन्होंने यह भी कहा, “हमारी कुछ बहनें इस बात से नाराज हैं। उन्होंने आज ही वीडियो सुना और उसे गलत तरीके से समझा गया।”
“बात कुछ लड़कियों को लेकर थी, सभी के लिए नहीं”
अपने विवादित बयान पर सफाई देते हुए अनिरुद्धाचार्य ने कहा कि उनका बयान सभी लड़कियों के लिए नहीं था, बल्कि कुछ विशेष परिस्थितियों और व्यक्तियों के आचरण को लेकर था। उन्होंने कहा, “कुछ लड़कियां ऐसी होती हैं जो लिव-इन में रहकर, चार जगह मुंह मारकर किसी के घर की बहू बनती हैं, ऐसे में क्या वे रिश्तों की मर्यादा निभा पाएंगी? इसलिए मेरा संदेश था कि चाहे लड़का हो या लड़की, दोनों को चरित्रवान होना चाहिए।”
उन्होंने एक हालिया घटना का जिक्र करते हुए कहा कि उनका बयान उस घटना से जुड़ा था जिसमें “25 वर्षीय महिला ने अपने पति राजा रघुवंशी की हत्या कर दी, और यह आरोप है कि उसने यह कृत्य किसी गैर पुरुष के लिए किया।” अनिरुद्धाचार्य का दावा है कि इस संदर्भ में की गई बात को अधूरा दिखाया गया और वीडियो से कुछ शब्द जानबूझकर हटा दिए गए, जिससे पूरा अर्थ बदल गया।





