नई दिल्ली/रफ्तार डेस्क। हरियाणा विधानसभा चुनाव में हैट्रिक लगाकर तीसरी बार BJP हरियाणा में सरकार बनाने जा रही है। मुख्यमंत्री के रूप में आज नायब सिंह सैनी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ले ली है। हालांकि मुख्यमंत्री पद को लेकर अनिल विज ने भी अपना दावा पेश किया था लेकिन विधायक दल की बैठक में खुद उन्हीं ने मुख्यमंत्री पद के लिए नायब सिंह सैनी के नाम का प्रस्ताव दे दिया था।
अगली मुलाकात सीएम आवास में होगी- अनिल विज
हरियाणा चुनाव से पहले और बहुमत मिलने के बाद तक अनिल विज खुद को अगले मुख्यमंत्री के पद के लिए आगे कर रहे थे। उन्होंने सबसे पहली बार 15 सितंबर को कहा था कि मैं अंबाला कैंट से 6 बार का विधायक हूं। सरकार में सबसे सीनियर मंत्री हूं। इसलिए मेरे क्षेत्र की जनता चाहती है कि मैं मुख्यमंत्री बनूं। उन्होंने यहां तक कह दिया था कि हो सकता है अगली मुलाकात सीएम आवास में हो। लेकिन शपथग्रहण से एक दिन पहले उनके सुर बदल गए। उन्होंने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मैने सीएम बनने के लिए कभी दावा पेश नहीं किया, मैने सिर्फ स्पष्टीकरण दिया था और अपनी इच्छा जाहिर की थी। अगर पार्टी मुझे चपरासी भी बना देगी तो मैं खुश हूं।
कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली
नायब सिंह सैनी 2.0 में पूर्व गृहमंत्री अनिल विज ने कैबिनेट मंत्री के रूप में पद की शपथ ली। अनिल विज अंबाला विधानसभा क्षेत्र से सातंवी बार चुनकर विधानसभा पहुंचे हैं। इससे पहले भी वह 6 बार विधायक रह चुके हैं। मनोहर लाल खट्ट्रर सरकार में विज स्वास्थ मंत्री का कार्यभार भी संभाल चुके हैं। हालांकि जब मनोहर लाल खट्टर की जगह नायब सिंह सैनी को हरियाणा की कमान सौंपी तो अनिल विज को कैबिनेट में जगह नहीं दी गई थी।





