नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क। उत्तर प्रदेश दिवस–2026 का भव्य आयोजन इस बार और भी खास होने जा रहा है। 24 से 26 जनवरी तक चलने वाले तीन दिवसीय इस कार्यक्रम का मुख्य समारोह लखनऊ के नवनिर्मित राष्ट्र प्रेरणा स्थल में आयोजित होगा। कार्यक्रम का उद्घाटन केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह करेंगे। इस मौके पर राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, साथ ही प्रदेश सरकार के मंत्री, जनप्रतिनिधि और कई जानी-मानी हस्तियां मौजूद रहेंगी। मुख्य समारोह का सीधा प्रसारण दूरदर्शन के माध्यम से पूरे प्रदेश में किया जाएगा।
देश ही नहीं, विदेशों में भी मनेगा यूपी दिवस
इस बार यूपी दिवस की गूंज सिर्फ उत्तर प्रदेश या भारत तक सीमित नहीं रहेगी। फिजी, मॉरीशस, मालदीव, सिंगापुर और थाईलैंड जैसे देशों में भी यूपी दिवस मनाया जाएगा। इन आयोजनों में प्रवासी उत्तर प्रदेशवासियों को सम्मानित किया जाएगा और प्रदेश की संस्कृति, निवेश संभावनाओं और विकास यात्रा को दुनिया के सामने रखा जाएगा। भारतीय दूतावासों और देश के विभिन्न राज्यों के लोकभवनों में भी विशेष कार्यक्रम आयोजित होंगे। यूपी दिवस–2026 का सबसे बड़ा आकर्षण होगा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की परिकल्पना पर आधारित ‘एक जनपद–एक व्यंजन’ (ODOC) योजना। इसके तहत प्रदेश के सभी जनपदों के पारंपरिक और प्रसिद्ध व्यंजन एक ही परिसर में उपलब्ध होंगे, जिससे उत्तर प्रदेश की समृद्ध खान-पान संस्कृति को वैश्विक पहचान मिलेगी।
यूपी गौरव सम्मान और नई योजनाओं की शुरुआत
समारोह के दौरान ‘उत्तर प्रदेश गौरव सम्मान 2025-26’ भी दिया जाएगा। शिक्षा, साहित्य, कृषि, महिला सशक्तिकरण और अंतरिक्ष विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाली पांच हस्तियों को इस सम्मान से नवाजा जाएगा। इसके अलावा मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान में बेहतर प्रदर्शन करने वाले जनपदों को भी पुरस्कृत किया जाएगा। इसी मंच से मुख्यमंत्री द्वारा ODOC योजना की औपचारिक लॉन्चिंग और सरदार वल्लभभाई पटेल एम्प्लॉयमेंट एंड इंडस्ट्रियल जोन योजना का शुभारंभ किया जाएगा। यूपी दिवस के अवसर पर ‘विकसित भारत–विकसित उत्तर प्रदेश’ विषय पर आधारित प्रदर्शनियां, शिल्प मेले और रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे। लोक, शास्त्रीय और आधुनिक कला रूपों की प्रस्तुतियां दर्शकों को आकर्षित करेंगी। इसके साथ ही मिशन शक्ति, नवाचार और ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में विशेष प्रदर्शनियां भी लगाई जाएंगी।





