नई दिल्ली / रफ्तार डेस्क । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि बिहार चुनाव में शानदार जीत के बाद भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में होने वाले विधानसभा चुनाव भी जीतेगा और वहां सरकार बनाएगा। गुजरात के मोरबी में भाजपा के नए जिला मुख्यालय का उद्घाटन करने के बाद शाह ने एक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह अपनी वोट बैंक राजनीति के लिए घुसपैठियों का समर्थन करती है और उन्हें बचाती है।
“घुसपैठियों को देश से बाहर किया जाएगा”
अमित शाह ने कहा कि उनकी पार्टी का हर एक घुसपैठिए को देश से बाहर निकालने का ठोस इरादा है। उन्होंने यह भी कहा कि घुसपैठियों को देश की लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भाग लेने का कोई अधिकार नहीं है। अमित शाह ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का विरोध करने वाली विपक्षी पार्टी कांग्रेस, तृणमूल कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर भी जमकर हमला बोला।
ममता बनर्जी ने SIR रोकने की मांग की
एसआईआर को लेकर अमित शाह की टिप्पणी पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार को कड़े शब्दों में पत्र लिखने के एक दिन बाद आई। ममता बनर्जी ने इस प्रक्रिया को तुरंत रोकने की मांग की है।
बिहार के मतदाताओं ने राजग को दो-तिहाई बहुमत दिया : अमित शाह
अमित शाह ने बताया कि बिहार चुनाव के दौरान कई राजनीतिक विश्लेषकों ने यह अनुमान लगाया था कि इस बार भाजपा और NDA को सफलता नहीं मिलेगी और पश्चिम बंगाल व तमिलनाडु के विधानसभा चुनावों में भी उनकी जीत मुश्किल होगी। लेकिन बिहार के मतदाताओं ने राजग को दो-तिहाई बहुमत दिया और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राज्य में नई सरकार का गठन हुआ।
“बंगाल और तमिलनाडु में भी NDA बनाएगी सरकार”
भाजपा नेता अमित शाह ने कहा कि बिहार चुनाव के समय कई राजनीतिक विश्लेषकों ने भाजपा की कमजोरी की भविष्यवाणी की थी, लेकिन अब वह उन सभी को यह बताना चाहते हैं कि भाजपा और NDA पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में भी सरकार बनाएंगे।
राहुल गांधी ने शुरू की ‘घुसपैठिया बचाओ’ यात्रा: अमित शाह
अमित शाह ने कहा कि बिहार चुनाव के दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने ‘घुसपैठिया बचाओ यात्रा’ शुरू की थी। उन्होंने इसे चौंकाने वाला बताया और कहा कि जिस पार्टी ने भारत की स्वतंत्रता संग्राम का नेतृत्व किया, वही अब घुसपैठियों को देश में रहने देने की मांग कर रही है। शाह ने इसे कांग्रेस के पतन का उदाहरण भी बताया।





