नई दिल्ल, रफ्तार डेस्क । जम्मू-कश्मीर से अमरनाथ यात्रा का आज पहला जत्था रवाना हुआ है। यात्रा को लेकर जम्मू कश्मीर और घाटी में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने बुधवार (02 जुलाई) को अमरनाथ तीर्थयात्रियों के पहले जत्थे को कश्मीर स्थित दो आधार शिविरों के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। 38 दिवसीय तीर्थयात्रा 3 जुलाई को घाटी से दो रूट से शुरू होगी।
इस बीच, अमरनाथ यात्रा को लेकर जम्मू-कश्मीर के डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा है कि हम भगवान भोले शंकर से प्रार्थना करेंगे कि अगली बार हम इन तीर्थयात्रियों का स्वागत केंद्र शासित प्रदेश में नहीं बल्कि जम्मू कश्मीर स्टेट में करेंगे।
डिप्टी सीएम सुरिंदर चौधरी ने कहा, ”ये महाराजा का वो जम्मू कश्मीर है, जहां पर पूरा स्टेट का दर्जा था लेकिन आज दिल में थोड़ी सी कसक है कि अब जब हम इनका स्वागत कर रहे हैं तो एक केंद्रशासित प्रदेश (UT) में कर रहे हैं। हमें खुशी है और पता चला कि एलजी साहब ने भगवान भोले शंकर से मांगा है कि जम्मू कश्मीर को जल्दी से जल्दी स्टेट का दर्ज मिले, इसलिए यात्रा थोड़ी सी लेट भी हो गई है।
‘सुरक्षा बल और प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभा रहे’
उन्होंने आगे कहा, ”ऐसा हमें सुनने में आया है कि एलजी साहब ने आज जम्मू कश्मीर को स्टेट के दर्जे के लिए बड़ी जोर-शोर से पूजा की है। हम भी बाबा भोले से दुआ करेंगे कि जम्मू कश्मीर के लोगों के अरमान पूरे हों। हम तीर्थयात्रियों का स्वागत करने के लिए यहां हैं। सुरक्षा बल और प्रशासन अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं।”
‘जम्मू-कश्मीर में त्यौहार जैसा माहौल’
जम्मू कश्मीर के डिप्टी सीएम ने ये भी कहा, ”आज हम जम्मू-कश्मीर में त्यौहार जैसा माहौल देख सकते हैं और यही जम्मू-कश्मीर की खूबसूरती है। आज हम जब बनिहाल में हम खड़े हैं तो यहां हिंदू भी है, मुसलमान और सिख भी हैं। यहां सभी समुदायों के लोग तीर्थयात्रियों का स्वागत कर रहे हैं। यही जम्मू कश्मीर की खूबसूरती और भाईचारा है।
‘तीर्थयात्रियों के लिए पूरा बंदोबस्त किया गया’
डिप्टी सीएम ने दावा किया है कि, ”जो चीजें जम्मू कश्मीर सरकार के हाथ में है उसमें कहीं कोई लापरवाही नहीं होगी। सीएम उमर अब्दुल्ला साहब ने भी अधिकारियों को इस बारे में निर्देश दे दिया था कि जो अमरनाथ यात्रा के लिए तीर्थयात्रियों को कोई परेशानी नहीं होनी चाहिए। इसके एल शासन ने पूरा बंदोबस्त किया गया है। चाहे वो सिक्योरिटी फोर्स हो या सिविल एडमिनिस्ट्रेशन हो, सारी व्यवस्थाएं की गई हैं।
‘जम्मू कश्मीर के लोग बहुत बहादुर हैं’
डिप्टी सीएम ने ये भी कहा, ”जम्मू कश्मीर के लोग बहुत बहादुर हैं, हिंदुस्तान के लोग बहुत बहादुर हैं। ये कोई कहे कि गोले और बारूद से कोई हमें डरा लेगा तो हम इन चीजों से डरने वाले नहीं हैं। हम हमेशा इस देश के लिए खड़े हैं। ये बॉर्डर स्टेट है। यहां बॉर्डर पर हिंदुस्तान की रक्षा के लिए खड़े हैं।
भक्तों का दूसरा घर है जम्मू-कश्मीर
उन्होंने कहा कि, उमर अब्दुल्ला की सरकार एक देशभक्त सरकार है और हम हमेशा देश को मजबूत करने के लिए कदम उठाते हैं। जम्मू कश्मीर उतना ही प्यारा है जितना देश के बाकी के शहर हैं, इसलिए हम लोगों को ये दिखाने आए हैं कि जम्मू कश्मीर की इस यात्रा में कदम कदम पर हम साथ हैं। यात्री ये मत सोचें कि घर छोड़कर आएं हैं। आप घर छोड़कर आएं हैं तो ये आपका दूसरा घर है। ये आपका अपना घर ही है।





