नई दिल्ली,रफ्तार डेस्क । तेलुगू फिल्म अभिनेता अल्लू अर्जुन की मुश्किलें इन दिनों कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। पुलिस के सामने पेश होने का नोटिस जारी होने के बाद अल्लू सुबह 11 बजे पुलिस स्टेशन पहुंच गए। जुबली हिल्स स्थित अपने घर से रवानगी लेने से उन्होंने अपनी पत्नी को गले लगाया और बेटी को प्यार भी किया, वह अपने पापा को गाड़ी तक छोड़ने भी आई थी।
गौरतलब है कि विगत चार दिसंबर को फिल्म ‘पुष्पा-2′ की स्क्रीनिंग के दौरान मची भगदड़ और महिला की मौत की जांच के सिलसिले में पुलिस उनसे पूछताछ कर रही है। पुलिस के सामने पेश होने के लिए देर रात उन्हें समन मिला था। इस समन में चिक्कड़पल्ली पुलिस स्टेशन में 11 बजे पेश होने के लिए कहा गया था। वहीं निरीक्षक राजू नाइक ने बताया कि अल्लू अर्जुन ने पहले कहा था कि वे जांच में पुलिस का पूरा सहयोग करेंगे।
विभिन्न धाराओं में दर्ज है मामला
हैदराबाद के संध्या थिएटर में चार दिसंबर को भगदड़ के दौरान 35 साल की एक महिला की मौत हो गई थी। वहीं उसके आठ साल के बेटा घायल हो गया था, जिसका अस्पताल में इलाज चल रहा है। इस घटना के बाद महिला के परिजनों ने चिक्कड़पल्ली थाने में मामला दर्ज कर कराया था। इस मामले में अल्लू अर्जुन, उनकी सुरक्षा टीम और थिएटर प्रबंधन के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज हुआ है।
अल्लू को जेल में बितानी पड़ी थी रात
इस मामले में 13 दिसंबर को हैदराबाद पुलिस ने अल्लू अर्जुन को गिरफ्तार किया था। उनका का नाम आरोपी नंबर 11 के रूप में दर्ज हुआ था। तेलंगाना हाईकोर्ट ने उसी दिन अभिनेता को चार सप्ताह की अंतरिम जमानत देते हुए अगले दिन 14 दिसंबर को जेल से रिहा कर दिया था।
कर चुके हैं 50 लाख रुपये की आर्थिक मदद
‘पुष्पा-2’ के निर्माता और अल्लू ने महिला के परिजनों को 50 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी है। सोमवार को निर्माता नवीन येरनेनी अस्पताल भी पहुंचे थे जहां जहां पीड़ित का आठ साल का बेटा इलाज के लिए भर्ती है। उन्होंने परिवार को आर्थिक सहायता देते हुए एक चेक दिया है।





